-जाम के चलते समय पर नहीं पहुंच पाई एंबुलेंस, रास्ते में दम तोडा
भिण्ड, 01 नवम्बर। लहार में गर्म तेल की कढाही में मोबाइल गिरने से बैटरी में ब्लास्ट हो गया। जिससे युवक झुलस गया, उसे पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, यहां से उसे ग्वालियर रैफर कर दिया गया। रास्ते में पुल पर जाम के चलते एंबुलेंस नहीं निकल सकी। दूसरे रास्ते से जाते समय युवक ने दम तोड दिया। घटना बुधवार शाम 6 बजे की है। गुरुवार को युवक का अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्र. एक लहार निवासी चंद्रप्रकाश पुत्र रामप्रकाश कुशवाहा उम्र 40 वर्ष के घर में खाना बना रहा था। उसने सब्जी काटी और गैस पर कढाई में तेल गर्म कर रहा था। उसकी ऊपर वाली जेब में मोबाइल रखा था, इसी दौरान गर्म तेल से भरी कढाई में गिरते ही मोबाइल फट गया। युवक के परिजन जब एंबुलेंस से उसे इलाज के लिए ग्वालियर ले जा रहे थे, तो रास्त में सेंवढा की सिंध नदी पर छोटे पुल पर जाम मिला। इसके बाद एंबुलेंस को थरेट, इंदरगढ, डबरा होते हुए करीब 80 किमी घुमाकर ग्वालियर ले जाना पडा। इससे एंबुलेंस को दो घंटे अस्पताल पहुंचने में लग गए। परिजनों ने बताया कि समय रहते प्रकाश ग्वालियर के अस्पताल पहुंच जाता तो उसकी जान बच जाती।
यहां बता दें कि सेंवढा में सिंध नदी का मुख्य पुल तीन साल पहले आई बाढ के कारण टूट गया था। इस पुल के निर्माण को लेकर विधानसभा चुनाव के पहले बीजेपी सरकार ने वादा किया, लेकिन एक साल बाद भी पुल का निर्माण नहीं हो सका। अब आठ फीट चौडे पुल से ही वाहनों की वन वे सिस्टम से आवाजाही होती है। यह पुल 100 साल से अधिक पुराना बताया गया है।