महर्षि वाल्मीकि कृत रामायण प्रेरणाप्रद : डॉ. सेंगर

-अभासाप द्वारा महर्षि वाल्मीकि जयंती, सम्मान समारोह आयोजित

भिण्ड, 18 अक्टूबर। अखिल भारतीय साहित्य परिषद जिला शाखा भिण्ड द्वारा महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर साहित्यकार सम्मान समारोह एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन ग्राम कोकसिंह का पुरा नुन्हाटा में किया गया।
जानकारी देते हुए परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ. परमाल सिंह कुशवाह ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुखदेव सिंह सेंगर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मप्र जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया, राष्ट्रपति से पुरस्कृत शिक्षक डॉ. धीरज सिंह गुर्जर, कवि दर्शनलाल गौड चिंतक उपस्थिति रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ आदिकवि महर्षि वाल्मीक के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम में अंचल के प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. गजेन्द्र सिंह परमार एवं रिटायर्ड कैप्टन रविन्द्र सिंह को सम्मानित किया गया। इसके उपरांत डॉ. सेंगर ने आदि कवि महर्षि वाल्मीकि के विषय में उपस्थित जन समूह को जानकारी दी। इसके साथ ही काव्य गोष्ठी का भी आयोजन किया गया। जिसमें शिवदत्त सिंह सरकार ने अनुप्रास अलंकार की छठा को बिखेरते हुए मुक्तक पढे। डॉ. शिवप्रताप सिंह ने भगवान राम पर आधुनिक संदर्भ लिखी अपनी प्रसिद्ध कविता एवं कई मुक्तक पढे। इसके साथ ही डॉ. धीरज सिंह, डॉ. गजेन्द्र सिंह डॉ. सुखदेवसिंह सेंगर, डॉ. गजेन्द्र परमार डॉ. परमाल सिंह कुशवाह ने भी काव्य पाठ किया। इस अवसर शिवदत्त सिंह, हीरासिंह, श्यामवीर सिंह, आंजनेय सिंह सहित कई साहित्यकार एवं साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।