महर्षि वाल्मीकि ने दिखाया सामाजिक सद्भाव का मार्ग : सुनील

-हम फाउण्डेशन सिटी एवं विवेकानंद शाखा द्वारा महर्षि बाल्मीकि जयंती पर कार्यक्रम आयोजित

भिण्ड, 17 अक्टूबर। हम फाउण्डेशन सिटी एवं विवेकानंद शाखा द्वारा महर्षि बाल्मीकि जयंती के अवसर पर शहर के शनिदेव मन्दिर गौरी सरोवर के पास कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में बाल्मीक महासभा के राष्ट्रीय सचिव सुनील बाल्मीकि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हम फाउण्डेशन प्रदेश अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली ने की।
इस अवसर पर सुनील बाल्मीकि ने कहा कि महाकाव्य रामायण में सत्य और सामाजिक सद्भाव का मार्ग दिखाया है। महर्षि ने जो मार्ग दिखाया है वह सदैव प्रासंगिक रहेगा। महर्षि वाल्मीकि का व्यक्तित्व और कृतित्व समाज के लिए आदर्श और प्रेरणा स्त्रोत है। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि संस्कृत भाषा के पितामाह थे, जिन्होंने बुराई पर नेकी की जीत का संदेश अपने महान ग्रंथ रामायण के जरिए दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रो. इकबाल अली ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने सामाजिक समरसता के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने समाज को जाति, भेद मिटाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संत महापुरुष समाज को नई दिशा व प्रेरणा देने का मार्ग दिखाते हैं।
प्रांतीय संगठन मंत्री शैलेश सक्सेना ने बताया कि रामायण रचयिता महर्षि वाल्मीकि की जयंती प्रत्येक वर्ष आश्विन माह की पूर्णिमा तिथि को मनाई जाती है। संस्कृत भाषा के प्रथम महाकाव्य की रचना करने की वजह से वह आदि कवि कहलाते हैं। इस अवसर पर प्रदेश कार्यशाला संयोजक प्रो. रामानंद शर्मा, सिटी शाखा अध्यक्ष अरविंद सिंह भदौरिया, विवेकानंद शाखा अध्यक्ष योगेश शर्मा, सचिव अजीत उपाध्याय, शिवम श्रीवास्तव, संतोष नरवरिया, अंकित बंसल, संग्राम सिंह, अविनाश, अजय बाल्मीक, शैलू बाल्मीक आदि उपस्थित थे।