लोकसेवा केन्द्र पर शासन द्वारा निर्धारित शुल्क देकर लें आधार सेवा का लाभ : अपर कलेक्टर

– अधिक शुल्क की मांग करने पर किया जाएगा प्रत्येक प्रकरण 25 हजार रुपए का अर्थदण्ड अधिरोपित
– अधिक शुल्क लेने अथवा रशीद ना देने पर सीएम हेल्पलाइन अथवा जिला स्तरीय कंट्रोल रूम पर करें शिकायत

भिण्ड, 26 अगस्त। लोकसेवा प्रबंधन विभाग अंतर्गत लोकसेवा केन्द्रों में आधार पंजीयन एवं अपडेट केन्द्र प्रारंभ किए जा रहे हैं, इसी क्रम में 25 अगस्त तक लोकसेवा केन्द्र रौन, मिहोना आलमपुर तथा गोरमी में आधार केन्द्र प्रारंभ हो चुके हैं।
अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय ने आमजन को सूचित कर कहा है कि लोकसेवा केन्द्र पर शासन द्वारा निर्धारित शुल्क देकर आधार सेवा का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। लोकसेवा केन्द्र पर शासन द्वारा निर्धारित शुल्क- बायोमेट्रिक अपडेट हेतु 100 रुपए (5 से 7 साल तथा 15 से 17 साल के लिए नि:शुल्क), डेमोग्राफिक अपडेट हेतु 50 रुपए (यदि बायोमेट्रिक अपडेट करवाते हैं तो डेमोग्राफिक अपडेट साथ में बिना अतिरिक्त शुल्क के 100 रुपए में ही करवा सकते हैं), डॉक्यूमेंट अपडेट हेतु 50 रुपए शुल्क, नवीन कार्ड (18 साल से कम एवं अधिक) नि:शुल्क है। इसके अतिरिक्त लोकसेवा केन्द्र पर यदि अधिक शुल्क की मांग की जाति है तो कलेक्टर भिण्ड के आदेश 25 अगस्त द्वारा प्रत्येक प्रकरण 25 हजार रुपए का अर्थदण्ड अधिरोपित किया जाएगा। यदि पात्र आवेदक को जो कि नियमानुसार पात्र हैं एवं आवश्यक दस्तावेज रखते हैं, को मना किया जाता है तो प्रत्येक प्रकरण पांच हजार रुपए का अर्थदण्ड अधिरोपित किया जाएगा। लोकसेवा केन्द्र पर अधिक शुल्क लेने अथवा रशीद ना देने पर आवेदक/ शिकायत कर्ता सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं अथवा जिला स्तरीय कंट्रोल रूम 9244336334 पर शिकायत/ सूचना दे सकते हैं।