आलमपुर में मौरियाऊ तालाब पर तर्पण के साथ पितरों को दी गई विदाई

भिण्ड, 02 अक्टूबर। श्राद्ध पक्ष के अंतिम दिन बुधवार को पितृमोक्ष अमावस्या के मौके पर पितरों का तर्पण कर उनको विदाई दी गई। इसके साथ ही पितृ मोक्ष अमावस्या को श्राद्ध पक्ष समाप्त हो गया है।
आलमपुर के स्थानीय मौरियाऊ तालाब में बुधवार को सुबह से ही पितरों का तर्पण करने वालों की लाइन लगना शुरू हो गयी थी। मौरियाऊ तालाब पर अशोक स्वामी एवं बृजेश पाण्डेय द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ पूर्ण विधिविधान से पितरों का तर्पण करवाया गया। इस दौरान अशोक स्वामी ने कहा कि आज के दिन किया गया श्राद्ध तर्पण पितृदोषों से मुक्ति दिलाता है व इस दिन का श्राद्ध कर्म करना अति फलदायक माना गया है। उन्होंने कहा कि सर्वपितृ अमावस्या पर किए गए श्राद्ध से पूर्वजों की आत्मा प्रसन्न होती है व परिवार में सुख शांति व खुशहाली का वातावरण बना रहता है। पितृमोक्ष अमावस्या वह पुण्य अवसर है, जिसमें हमें अपने जिन पूर्वजों की पुण्यतिथि ज्ञात नहीं हो तो उनका श्राद्ध तर्पण सर्वपितृ अमावस्या तिथि पर करते हैं। उन्होंने गायत्री पद्धति व शास्त्रोक्त विधिविधान से पितरों का तर्पण करवाया। इस अवसर पर अपने पूर्वजों का तर्पण करने के लिए नगर के लगभग एक सैकडा से ज्यादा लोग मौरियाऊ तालाब पहुंचे। इस दौरान किशोरी सहारिया, अनूप त्रिपाठी, सोनू त्रिवेदी, मुन्ना योगी, भगवानदास महाजन, कृष्णगोपाल दुबे, अशोक मोदी, गोपाल गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।