किसान जागरूक होंगे तभी होगी पर्यावरण की रक्षा : मानवेन्द्र सिंह

कृषि विज्ञान केन्द्र में विश्व पर्यावरण दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

भिण्ड, 05 जून। पर्यावरण के लिए जीवनशैली कार्यक्रम के क्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र पर विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वैज्ञानिकों ने किसानों को कृषि में पर्यावरण की उपयोगिता एवं उसके महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही किसानों को अमरूद के एक-एक पौधे एवं सब्जी सीट किट प्रदान की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्र के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि कृषि में पर्यावरण की उपयोगिता बहुत मायने रखती है। किसान पर्यावरण का हितैषी बनकर पृथ्वी और प्रकृति को बचाने में सहयोग कर सकता है। इसके लिए किसान को प्राकृतिक और जैविक कृषि को अपनाते हुए कीटनाशकों का कम से कम प्रयोग के साथ ही पॉलीथिन का प्रयोग पूरी तरह रोकना होगा। पर्यावरण की रक्षा से जल, जंगल, जमीन, जलवायु, जनसंख्या सुरक्षित रखने में सहायता मिल पाएगी मिल सकेगी।
मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मानवेन्द्र सिंह ने कहा कि किसान ही पर्यावरण प्रदूषण के लिए जिम्मेदार है। किसान खेतों में पराली जलाता है। किसान छोटी-छोटी बीमारियों के लिए कीटनाशकों का प्रयोग करता है। पर्यावरण की दिशा में भी किसान बहुत ज्यादा रुचि नहीं रखता है। यदि किसान जागरुक हो जाएं जो किसान पर्यावरण का सबसे बड़ा हित रक्षक बन सकता है। इसलिए किसानों को पर्यावरण की रक्षा के लिए आगे आना होगा। यदि किसान ऐसा करते हैं तो पर्यावरण संरक्षण में वह महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अवधेश सिंह ने बताया कि इंसान प्रकृति पर निर्भर है न कि प्रकृति इंसान पर। यदि प्रकृति बचेगी तो पृथ्वी और पर्यावरण की भी रक्षा हो सकेगी। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. करणवीर सिंह ने अधिक से अधिक पौधारोपण खासकर फल के पौधे लगाने का आग्रह किसानों से किया। वैज्ञानिक डॉ. एनएस भदौरिया ने बताया कि पर्यावरण सुरक्षा से ही जीवन की रक्षा हो सकती है। अटारी जबलपुर से पधारे डॉ. रंजीत सिंह ने कहा कि किसानों को खेती किसानी के साथ पर्यावरण सुरक्षा की भी शपथ लेनी चाहिए। कार्यक्रम में केन्द्र के डॉ. रूपेन्द्र कुमार एवं डॉ. भानुप्रताप सिंह रघुवंशी ने भी किसानों को पर्यावरण संबंधी जानकारी प्रदान की। अंत में मुख्य अतिथि मानवेन्द्र सिंह एवं केन्द्र प्रमुख द्वारा किसानों को अमरुद के पौधे एवं सब्जी किट का वितरण भी किया गया। इसके साथ ही केन्द्र पर पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्र के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. एसपी सिंह एवं संचालन डॉ. अवधेश सिंह ने किया। इस अवसर पर दीपेन्द्र शर्मा, विनोद दुबे गिरवासा, सुरेश कुमार जगनपुरा, रामशरण नगायच मोहनपुरा, सरनाम सिंह दबोह, बृजेन्द्र सिंह चुरली, लल्लन सुंदरपुरा, अमरीश शर्मा, भारत सिंह वैशपुरा, दीपक शर्मा, मुन्ना पटेल, मनोज शुक्ला, रनसिंह, गंगाराम, शुगम कुशवाहा आदि किसान उपस्थित थे।