भिण्ड जिले के डेढ़ हजार बूथ केन्द्रों को डिजिटल करेंगे : धैर्यवर्धन

कुशाभाऊ ठाकरे के जन्म शताब्दी वर्ष पर 1500 कार्यकर्ता संगठन विस्तार के लिए उतरेंगे बूथ केन्द्रों पर
बूथ विस्तारक योजना के जिला प्रभारी शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा

भिण्ड, 19 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय विचारक संगठन के वट वृक्ष कुशाभाऊ ठाकरे जी की जयंती पर संकल्प लेकर भिण्ड जिले के 1480 बूथ केन्द्रों को ठाकरे के मानस पुत्र धैर्यवर्धन डिजिटल करेंगे। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अभी तक जितने भी अभियान हाथ में लिए हैं उन सभी में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। कुशाभाऊ ठाकरे की जन्मशताब्दी वर्ष में शुरू होने वाली बूथ विस्तारक योजना राजनीतिक इतिहास में अभी तक का पार्टी का सबसे बड़ा अभियान है। इस अभियान के माध्यम से हमारे बूथ डिजिटल तो होंगे ही, साथ ही संगठन का कार्य विस्तार भी होगा। ‘संगठन एप’ बूथ को डिजिटल बूथ बनाने में महत्वपूर्ण कड़ी है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के बूथ विस्तारक योजना के भिण्ड जिला प्रभारी प्रदेश के पूर्व प्रवक्ता धैर्यवर्धन शर्मा ने भिण्ड सर्किट हाउस पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहीं। पत्रकार वार्ता में शामिल डॉ. तरुण शर्मा, शिवप्रताप सिंह राजावत मौजूद थे।
भाजपा नेता शर्मा ने कहा कि संगठन के विस्तार और सशक्तीकरण के लिए बूथ विस्तारक योजना महत्वपूर्ण है कि कुशाभाऊ ठाकरे जन्म शताब्दी वर्ष में बूथ विस्तारक योजना के अंतर्गत 20 जनवरी से 10 दिन में हमारे 20 हजार विस्तारक 100 घण्टे अपने निर्धारित बूथों पर देंगे, इस तरह हमारे कार्यकर्ता 20 लाख घण्टे बूथों पर कार्य कर कुशाभाऊ ठाकरे को श्रृद्धांजलि देंगे। उन्होंने कहा कि हम कुशभाऊ ठाकरे का जन्म शताब्दी वर्ष मना रहे हैं। उन्होंने जीवन पर्यन्त संगठन के लिए काम किया। इसलिए बूथ विस्तारक योजना संगठन के विस्तार और सशक्तीकरण के लिए महत्वपूर्ण योजना है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा समय के साथ नवाचारों को अंगीकार कर आगे बढ़ी है। टेक्नोलॉजी और डिजिटिलाइजेशन के इस युग में हम ओर भी बेहतर संगठन कार्य कर सकें, इसके लिए बूथ विस्तारक योजना के अंतर्गत हम बूथों को डिजिटल करने के काम में जुटेंगे। यह पुरानी नींव नया निर्माण है जो सामयिक है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जो डिजिटल बूथ बनेंगे वो पार्टी के बूथ विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना हम सब की जिम्मेदारी है। हम बूथ डिजिटल तो करेंगे ही साथ में संवाद-संपर्क भी करेंगे। कुशाभाऊ ठाकरे के जन्म शताब्दी वर्ष में यह महत्वपूर्ण अभियान है इसमें हम सभी पूरी कर्मठता, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण से इस एप्प का उपयोग करते हुए दायित्वों का निर्वाह करेंगे।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए शर्मा ने कहा कि हर बूथ को सक्षम बनाकर ठाकरे जी को श्रृद्धांजलि देने का संकल्प के साथ मप्र द्वारा कुशाभाऊ ठाकरे के जन्म शताब्दी वर्ष को संगठन पर्व के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके तहत 20 से 30 जनवरी के बीच बूथ विस्तारक योजना का आयोजन हो रहा है, जिसमें 20 हजार बूथ विस्तारक प्रदेश के लगभग 65 हजार बूथों को सशक्त, सक्षम व डिजिटल बनाने के लिए निकलेंगे। इस योजना में पार्टी के वरिष्ठ नेतागण, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण सहित मैं स्वयं भी अपने निर्धारित बूथों पर विस्तारक बनकर कार्य करूंगा।
उन्होंने कहा कि हमारे सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन पर्व के तहत हर बूथ को सक्षम बनाकर श्रृद्धेय ठाकरे को श्रृद्धांजलि देने का संकल्प लेकर भिण्ड जिले के 1480 मतदान केन्द्रों पर बूथ विस्तारक योजना के तहत 1500 कार्यकर्ता संगठन विस्तार एवं आगामी मिशन 2023 विधानसभा और 2024 लोकसभा चुनाव को दृष्टिकोण रखते हुए कार्य करेंगे क्योंकि बूथ केन्द्र सत्ता और संगठन की ताकत को हे मजबूती प्रदान करता है, अगर हमारा बूथ मजबूत होगा तो हम चुनाव जीतने में कामयाब होंगे और वहां हमारी स्थानी समिति मजबूत होगी और विकास कार्य में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि बूथ विस्तारक योजना भारतीय जनता पार्टी को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाएगी। बूथ विस्तारक योजना के माध्यम से विकास जन कल्याण योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे ताकि हमारा बूथ मजबूती के साथ आगे बढ़े और जिसका लाभ वहां की रहने वाली आम जनता को मिलें।