भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा ने भिण्ड विधानसभा की बूथ स्तरीय कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को दिए टिप्स
भिण्ड, 19 जनवरी। भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा ने कहा कि संगठन विस्तार के लिए कुशाभाऊ ठाकरे ने अपने परिश्रम, कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए बूथ केन्द्र पर संगठनात्मक शक्ति को तैयार किया। पार्टी उनका जन्म शताब्दी वर्ष बना रही है। हमारा प्रत्येक बूथ मजबूत बने इसके लिए संगठन ने तय किया कि अपने-अपने बूथ केन्द्रों पर विस्तारक के माध्यम से स्थानी समिति को मजबूत करना है, क्योंकि बूथ ही हमारा आधार है, जिसे हमें सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाना है, ताकि ठाकरे जी को भावभीनी श्रृद्धांजलि के साथ संगठन के वटवृक्ष को शिखर तक ले जाएं, यही निष्ठावान कार्यकर्ता की पहचान होती है। यह उद्गार उन्होंने विजय लक्ष्मी मैरिज गार्डन में आयोजित भिण्ड नगर के सुभाष मण्डल, वन खण्डेश्वर मण्डल, महाराणा प्रताप मण्डल, भिण्ड ग्रामीण, ऊमरी के कार्यकर्ताओं की एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए व्यक्त किए और उन्होंने कई प्रकार के टिप्स देकर बूथ केन्द्र की रचना को समझाया।
शर्मा ने कहा कि ठाकरे जी ने व्यक्ति नहीं विचार के लिए काम किया, हम सब कार्यकर्ता भाजपा के अनुशासित राजनीतिक दल के सिपाही के रूप में काम कर रहे हैं, अपने अपने बूथ पर टोली बनाकर कार्य करें, जो हमें पुस्तका दी गई है उस पर सारी जानकारियां भरकर और अपने प्रदेश कार्यालय को अवगत कराएं। कार्यशाला में सुभाष मण्डल अध्यक्ष प्रदीप सिंह भदौरिया, वन खण्डेश्वर मण्डल अध्यक्ष अमित जैन, महाराणा प्रताप मण्डल अध्यक्ष शेरू पचौरी, भिण्ड ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष सनी कुशवाह, ऊमरी मण्डल अध्यक्ष श्याम सिंह राठौर मंचासीन थे। मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ग्वालियर जितेन्द्र सिंह गुर्जर एवं अध्यक्षता मेहगांव मण्डल अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह भदौरिया ने की। इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष जेलसिंह नरवरिया, अवधेश सिंह बघेल, राजवीर सिंह गुर्जर, सुभाष थापक विशेष रूप से मौजूद थे।
लहार विधानसभा क्षेत्र में दतिया के वरिष्ठ नेता प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मेघ सिंह गुर्जर ने कार्यशाला को संबोधित किया। जिसकी अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष जबर सिंह कुशवाहा ने की। जिसमें विकास बोहरे, दीपक सिंह राजावत, कुलदीप सिंह कौरव, देवेन्द्र उपाध्याय विशेष रूप से मौजूद थे। गोहद के विधानसभा क्षेत्र के गोहद नगर, गोहद ग्रामीण, चितौरा, मालनपुर में की कार्यशाला में भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य विवेक जोशी ने संबोधित किया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष विवेक जैन, ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष दीपक सिंह तोमर, चितौरा मण्डल अध्यक्ष रवि शर्मा, मालनपुर मण्डल अध्यक्ष देवेन्द्र गौड़, मौ मण्डल अध्यक्ष गोपाल सिंह कुशवाह विशेष रूप से मौजूद रहे।
अटेर विधानसभा क्षेत्र की कार्यशाला मानपुरा में आयोजित की गई। जिसको प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य राजेन्द्र सिंह ने संबोधित किया। जिसमें मण्डल अध्यक्ष शैलेन्द्र पालीवाल, रायसिंह नरवरिया, शैलेन्द्र सिंह भदौरिया, संतोष सिंह तोमर प्रमुख रूप से शामिल थे। भिण्ड जिले की पांचों विधानसभाओं की कार्यशाला एक साथ संपन्न हुई, जिसमें कार्यकर्ताओं को बूथ केन्द्रों की जानकारी के लिए प्रदेश संगठन द्वारा भेजी गई पुस्तिका में जानकारी के बारे में वक्ताओं द्वारा बताया गया, प्रत्येक बूथ केन्द्र पर हर कार्यकर्ता को 10 घण्टे तक कार्य करना होगा।