महिला बंधक बनाकर कंडक्टर ने बस में किया दुष्कर्म

– शिवपुरी से भिण्ड लौट रही थी महिला, तलाक का केस चल रहा

ग्वालियर, 28 अक्टूबर। ग्वालियर रोडवेज बस स्टैण्ड पर खड़ी एक बस में महिला को बंधक बनाकर बस कंडक्टर ने दुष्कर्म किया। घटना सोमवार रात 9.30 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता ने घटना की शिकायर्त पड़ाव थाने में दर्ज कराई। पुलिस फौरन स्पॉट पर पहुंची और भागने से पहले आरोपी कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल के बाद पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसर पीड़िता भिण्ड जिले के फूफ इलाके में की रहने वाली है। उसका पति से तलाक का केस चल रहा है, लेकिन पति कोर्ट नहीं आ रहा। उसी का पता करने के लिए वह शिवपुरी देहात थाने गई थी। इसके बाद भिण्ड लौट रही थी। 27 वर्षीय महिला एफआरवी की मदद से पड़ाव थाना पहुंची। पुलिस को उसने बताया कि 6 साल पहले उसकी शादी शिवपुरी में हुई थी। पति से उसका दो साल का एक बेटा है। कुछ समय से पति उसे प्रताड़ित कर रहा था। इसकी शिकायत उसने शिवपुरी देहात थाने में की थी। वर्तमान में भिण्ड कोर्ट में पति से भरण-पोषण का केस चल रहा है। पति तय तारीख पर कोर्ट नहीं आ रहा है। उसी का पता लगाने के लिए वह सोमवार सुबह भिण्ड से शिवपुरी देहात के लिए निकली थी।
कंडक्टर से जान-पहचान कर लिया नंबर
पीड़िता ने बताया कि ग्वालियर पहुंचकर वहां से शिवपुरी-गुना जाने वाली बस में सवार हो गई। बस ने दोपहर में उसे शिवपुरी उतार दिया। ग्वालियर से शिवपुरी के बीच सफर के दौरान महिला से बस कंडक्टर विष्णु ओझा निवासी बदरवास सखारोड़ से जान पहचान हो गई। विष्णु ने महिला से उसका मोबाइल नंबर ले लिया। उसने बताया कि 2 घण्टे बाद गुना से बस लौटेगी तो वह उसे फोन कर देगा। उसे आराम से ग्वालियर छोड़ देगा। शाम को कंडक्टर विष्णु ओझा ने महिला को फोन कर शिवपुरी बुलाया और अपनी बस में बैठा लिया। रात करीब 9 बजे बस ग्वालियर बस स्टैण्ड पहुंच गई। पूरी बस खाली हो गई। विष्णु ने महिला से कहा कि वह बस में ही बैठी रहे। वह 10 मिनट में लौटकर आ रहा है, फिर उसे भिण्ड छोड़ देगा। करीब 9.30 बजे बस कंडक्टर वापस लौटा। उसने खाली बस के दरवाजे अंदर से लॉक कर दिए। जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बलात्कार करने के बाद वह बस में महिला को छोड़कर चला गया।
भागने से पहले आरोपी को पुलिस ने पकड़ा
वारदात के बाद डरी-सहमी महिला ने एफआरवी को सूचना दी। एफआरवी ने महिला को पड़ाव थाना पहुंचाया। पड़ाव पुलिस महिला को लेकर बस स्टैण्ड वापस आई। यहां बस की पहचान करने के बाद पुलिस ने आरोपी विष्णु ओझा निवासी बदरवास को भागने से पहले ही पकड़ लिया। महिला का मेडिकल कराकर रेप का मामला दर्ज किया गया।