अच्छे इंसान होने का परिचायक है श्रद्धाभाव : रामभूषण दास

-नुन्हाटा कोकसिंह का पुरा में भागवत कथा में हो रहे हैं प्रवचन

भिण्ड, 28 अक्टूबर। जिले के ग्राम कोकसिंह का पुरा नुन्हाटा में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा व्यास महामण्डलेश्वर रामभूषण दास महाराज खनेता धाम ने कहा कि श्रद्धावान मनुष्य दूसरे मनुष्यों की सहायता करता है, मनुष्य के अंदर श्रद्धाभाव अच्छे इंसान होने का परिचायक है। यदि दुष्ट मनुष्य के पास धन है तो वह दूसरों को कष्ट पहुचाने में और अपने मद में धन खर्च करता है। यदि उसके पास शक्ति है तो वह दूसरों को पीड़ा पहुंचाने के लिए शक्ति का प्रयोग करता है। कार्यक्रम के आयोजक सुरेश सिंह राजावत हैं। मुख्य यजमान एवं कथा पारीक्षत कमलादेवी-बड़ेलाल सिंह राजावत है।
उन्होंने कहा कि ऐसे मनुष्य जीते हुए भी मरे के समान होते हैं, जिसकी व्यक्ति निंदा करें। कालचक्र का व्यवहार बड़ा कठोर होता है, मनुष्य के जन्म के उपरांत उसकी मृत्यु का भी समय निश्चित हो जाता है। मनुष्य का शरीर नाशवान है, एक पल में सारा संसार बदल जाता है, समय की गति न्यारी है। मनुष्य को अपना समय और धन दोनों को अच्छे कार्यों में लगाना चाहिए।