मध्य क्षेत्र विवि कंपनी ने शुरू किया एम्प्लॉई ऑफ द मंथ पुरस्कार

– संभागीय स्तर पर जोन एवं वितरण केन्द्र में कार्यरत सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले तीन सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी पुरस्कृत

भिण्ड, 10 अक्टूबर। मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा अपने कार्मिकों की कार्य क्षमता और प्रोत्साहित करने के उद्देश्य और उनके उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करने के लिए एक नई पहल की शुरुआत करते हुए प्रत्येक माह एम्प्लॉई ऑफ द मंथ पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है।
जिन कार्मिकों को माह सितंबर-2025 के लिए एम्प्लॉई ऑफ द मंथ पुरस्कार दिया गया, उनमें गोहद संभाग से लाईन हैल्पर (आउटसोर्स) राजेश गुप्ता, विद्युत सहायक (आउटसोर्स) जितेन्द्र सिंह, विद्युत सहायक (आउटसोर्स) नारायण यादव शामिल हैं। इसी तरह मेहगांव संभाग के अंतर्गत लाइन हैल्पर (नियमित) स्वरूप सिंह कुशवाह, लाइन हैल्पर (आउटसोर्स) बालेन्द्र सिंह चौहान, विद्युत सहायक (आउटसोर्स) रिपुदमन सिंह भदौरिया शामिल हैं। इसी तरह लहार संभाग के अंतर्गत कुशल (आउटसोर्स) अनिल गुप्ता, कुशल (आउटसोर्स) आशीष झा तथा विद्युत सहायक (आउटसोर्स) अनूप कुशवाह शामिल हैं। इसी तरह भिण्ड संभाग के अंतर्गत कुशल (आउटसोर्स) महेन्द्र नरवरिया, कुशल (आउटसोर्स) गिर्राज सिंह तथा कुशल (आउटसोर्स) शिवम भारद्वाज शामिल हैं।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक अमरेश शुक्ला ने सभी पुरस्कृत कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि इस पुरस्कार का उद्देश्य उपभोक्ताओं को संतुष्टि के साथ त्वरित और बेहतर सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पहचान दिलाना और अन्य कार्मिकों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। इस पुरस्कार के लिए कर्मचारियों का चयन कंपनी मुख्यालय एवं वृत्त कार्यालय द्वारा कंपनी कार्यों के अनुसार निर्धारित सात मापदण्डों के आधार पर किया जा रहा है। एम्प्लॉई ऑफ द मंथ के लिए चयनित कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित कर उनका नाम और फोटो भी संभागीय कार्यालयों के साथ-साथ कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित किया जा रहा है। कंपनी ने बताया है कि यह योजना अगस्त 2025 से मार्च 2026 तक लागू की गई है। कंपनी का मानना है कि यह पहल कर्मचारियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देगी और कंपनी के समग्र प्रदर्शन को बेहतर बनाने में सहायक होगी।