पर्यावरण संरक्षण में नवांकुर सखियों का अहम योगदान : जयप्रकाश शर्मा

– हरियाली तीज पर कलश यात्रा द्वारा नवांकुर सखियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
– नवांकुर सखी अभियान जन अभियान परिषद की एक महत्वपूर्ण पहल : नरवरिया

भिण्ड, 27 जुलाई। मप्र जन अभियान परिषद विकास खण्ड मेहगांव द्वारा सेक्टर क्र.दो के ग्राम सोनी में हरियाली तीज के अवसर पर नवांकुर सखी-हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आंगनबाडी परिसर में महिलाओं के एकत्रीकरण से हुई, कार्यक्रम का शुभारंभ कलश पूजन से किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी एवं सरपंच सत्यभान सिंह नरवरिया, ब्लॉक समन्वयक जन अभियान परिषद जयप्रकाश शर्मा एवं श्यामसुंदर त्यागी उपस्थित रहे।
सरपंच नरवरिया ने अपने उदबोधन में कहा कि जिस प्रकार मनुष्य आज अपने स्वार्थ के लिए पेडों की कटाई कर रहा है उससे पर्यावरण को बहुत ही क्षति हो रही है तथा जल स्तर नीचे गिरता जा रहा है, दिनों दिन पृथ्वी का तापमान बढ रहा है, अब समय आ गया है कि इस धरती मां को हरियाली की चादर उढाने की आवश्यकता है।
ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने सभी को हरियाली अमावस्या की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने अपील की कि महिलाएं अपने घरों में पौधे तैयार करें और उन्हें बच्चों के जन्मदिन या वैवाहिक वर्षगांठ पर लगाएं और जन अभियान परिषद के कार्यों को विस्तार से रखा तथा बच्चों की शिक्षा और ग्राम को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया। इसके उपरांत कलश यात्रा के रूप में पूरे गांव में भ्रमण किया। यात्रा के माध्यम से ग्रामवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। महिलाओं को पौधे प्रदान किए गए। कार्यक्रम में ग्राम वासियों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में आभार श्यामसुंदर त्यागी ने व्यक्त किया।