-पर्यावरण दिवस पर जलाशयों का गहरीकरण एवं स्वच्छता अभियान चलाकर रैली निकाली
भिण्ड, 05 मई। नवांकुर संस्था चौधरी रूप नारायण दुबे समाज कल्याण समिति भिण्ड द्वारा ग्राम भटमास पुरा दीनापुर में चौपाल आयोजित कर तालाब का गहरीकरण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक पन्नी सफाई कार्यक्रम कर रैली निकाली गई। कार्यक्रम दौरान ग्रामीणों ने सहभागिता कर अपने विचार व्यक्त किए।
समाजसेवी पर्यावरण प्रेमी सुनील दुबे ने कहा कि जब हमारे दिमाग में पर्यावरण शब्द की गूंज सुनाई देती है तो हमें दो प्रकार की परिकल्पना समझ आती है। एक वह जो हमें हरी भरी जीवंत होने का प्रमाण देती है और दूसरी वह जो हमें सूखे निर्जन खंडहर, सुनसान पहाड आदि। हमें प्रकृति को प्राकृतिक सौंदर्य में लौटने के लिए अपने जीवन के पिछले लगभग बीस पच्चीस वर्ष पीछे जाना होगा। एक समय था जब जल स्तर ऊपर था, जगह जगह तालाब, कुएं, बावडी, पोखर, नदियां भरे रहते थे। चारों तरफ हरे भरे वन, छायादार पेड पौधे थे, लेकिन वहीं आज के परिदृश्य में देखें तो चारों तरफ बडे बडे पक्के मकान बने। मानव सभ्यता के विकास के साथ मनुष्य ने कृषि प्रारंभ की, जिसके लिए उसे पेड पौधे लगाने के बजाय काटने पडे, जिससे जल श्रोत बाधित हुए।
कार्यक्रम में सरपंच अजीत शाक्य ने कहा मनुष्य के लिए प्रकृति नहीं बल्कि प्रकृति के लिए मनुष्य तभी मनुष्य का जीवन सच्चे अर्थों में सुखी हो सकता है और यही भारत की संस्कृति और लोक परंपरा का मूलमंत्र है। धर्मवीर यादव पूर्व राष्ट्रीय स्वयं सेवक नेहरू युवा केन्द्र ने कहा कि हमें मुलजीवन में जीने व आने वाली पीढी को सुखी स्मृद्धि बनाने के लिए हर समय अपने आप को पर्यावरण प्रेमी बन कर रहना चाहिए। आप अपने घर में रहें या फिर यात्रा में, हमें हमेशा पेड लगाना, मिट्टी के कटाव को रोकना, जल श्रोतों की सफाई, प्लास्टिक पन्नी को बंद कर पर्यावरण को पोषित करना होगा। साथ ही समय समय पर माता बहिनों द्वारा पेडों की पूजा आदि कार्यक्रम में शामिल होकर उनका मनोबल बढाना होगा। कार्यक्रम में योगेश यादव, रिषी यादव, हरिओम सहित अनेक लोगों ने सहभागिता की।