जीव की सेवा ही परमात्मा की सच्ची सेवा है : रामदास महाराज

भिण्ड, 05 अगस्त। जिले के दंदरौआ धाम में मंगलवार को दिल्ली के सांसद प्रवीण खण्डेलवाल एवं उनकी धर्मपत्नी कनक खंडेलवाल ने पहुंचकर डॉक्टर हनुमान जी के दर्शन कर पूजा अर्चना करके कथा एवं हवन करवाकर महामण्डलेश्वर महंत रामदास महाराज से आशीर्वाद लिया।
रामदास महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है, जीव की सेवा ही परमात्मा की सच्ची सेवा है। गरीबों व असहायों की मदद करने से बडा कोई पुण्य कार्य नहीं है। हर सामथ्र्य वान व्यक्ति को गरीबी और असहायों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन को सुखी रखने का मंत्र धर्म के मार्ग पर चलना है और धर्म पर चलने का रास्ता सच है। इसके अलावा व्यक्ति किसी अन्य प्रयास से न तो सुखी हो सकता है न ही आत्मिक संतोष प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को जीवन में जो कुछ मिल रहा है। उसको वह भगवान का आशीर्वाद मानकर स्वीकार करें। मनुष्य को अपने जीवन में संतुष्ट रहना चाहिए, यही जीवन में सुख और शांति बनाए रखने का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि ईश्वर की पूजा करने से मनुष्य के जीवन में सुख-शांति आती है। भगवान की पूजा करते समय शरीर के साथ मन भी पवित्र होना चाहिए। इस मौके पर राजकुमार गुप्ता प्रिंस, रामबरन पुजारी, जलज त्रिपाठी, नरसी दद्दा, शिवा तिवारी सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।