योजनाओं और उन्नत तकनीक का लाभ उठाकर लाभकारी खेती करें : मंत्री शुक्ला

– ग्राम लाडमपुरा में विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित

भिण्ड, 30 मई। किसानों को आर्थिक उन्नति के लिए आधुनिक खेती की ओर आगे बढना होगा। यह बात नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने शुक्रवार को ग्राम लाडमपुरा में विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत कृषि विज्ञान केन्द्र एवं किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के संयुक्त भागीदारी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान एसडीएम मेहगांव नवनीत शर्मा, कृषि विज्ञान केन्द्र लहार प्रमुख डॉ. एसपी सिंह, एसएडीओ मेहगांव संजीव चतुर्वेदी, तकनीकि सहायक पंकज सविता, कृषक भाई एवं कृषक महिलाएं उपस्थित रहीं।

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए यह अभियान शुरू किया है। किसान विकसित होगा तो ही देश समृद्धशाली बनेगा। किसानों को आर्थिक उन्नति के लिए आधुनिक खेती की ओर आगे बढना होगा। आधुनिक खेती के तरीके सीखने के लिए किसान भाई कृषि वैज्ञानिकों से सतत संपर्क में रहें। किसान वैज्ञानिकों के साथ संवाद करें और अन्य किसानों को भी इसकी जानकारी दें। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वैज्ञानिक द्वारा अनुसंधान केन्द्र किसान के द्वार पहुंच रहा है, उनसे संवाद कर उन्नत तकनीक का लाभ उठाएं। किसान इस कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समन्वित कृषि पद्धति अपनाएं तथा प्राकृतिक खेती के लाभ को समझें और उसे अपनाएं।
उन्होंने कहा कि किसान कल्याण योजनाओं और उन्नत तकनीक का लाभ उठाकर लाभकारी खेती करें तथा मृदा का प्रशिक्षण आवश्यक कराएं। किसान बंधु जागरुक बनें, सरकार की योजनाओं का फायदा लें और आर्थिक रूप से मजबूत हों।