कुरीतियां मिटाएं और जरूरतमंदों का साथ दें: अनिरुद्धवन महाराज

– ब्राह्मण समाज ने हवन पूजन कर मनाई भगवान परशुराम की जयंती

ग्वालियर, 30 अप्रैल। भितरवार में स्थानीय ब्राह्मण समाज ने आराध्य देव भगवान परशुराम की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई। समाज के लोग वार्ड क्र.5 स्थित भगवान परशुराम मन्दिर पर एकत्रित हुए, जहां उन्होंने विधि विधान से हवन पूजन कर अपने आराध्य देव भगवान परशुराम की पूजा की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। बुधवार को अक्षय तृतीया परशुराम जी की जयंती के अवसर पर ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष दिनेश पाठक के साथ नगर एवं आसपास गांवों के विप्र बंधु करैरा मार्ग स्थित भगवान परशुराम मन्दिर पर एकत्रित हुए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित धूमेश्वर धाम के महंत महामंडलेश्वर अनिरुद्धवन महाराज के निर्देशन में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शुरू हुए हवन में आहुतियां डालकर विधि विधान से पूजन किया। वहीं इस दौरान उपस्थित जनों ने भगवान परशुराम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी पूजा अर्चना की। इसके बाद प्रसादी का वितरण किया गया।
इस दौरान महामण्डलेश्वर अनिरुद्धवन महाराज ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ब्राह्मण का कार्य समाज को दिशा देना एवं कुरीतियों को मिटाना है। ब्राह्मण समाज शिक्षित होकर देश की उन्नति में सहायक बने। हर वर्ग के गरीब व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य करे यही सबसे बडी समाज सेवा है। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष दिनेश पाठक, राकेश पाराशर, सीताराम बबेले, राजेन्द्र शर्मा, महेश मिश्रा पटवारी, मुकेश चौधरी, महेश शर्मा, राजू पाठक आदि उपस्थित थे। वहीं इसी प्रकार नगर के कुछ विप्र बंधुओं ने नगर के वार्ड क्र.7 के रहवासी रामसेवक शर्मा के निवास पर भगवान परशुराम की जयंती मनाई। यहां उपस्थितजनों ने विधि विधान से पूजन कर भगवान परशुराम जी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वहीं इसी प्रकार क्षेत्र के गांवों में भी ब्राह्मण समाज के लोगों ने भगवान परशुराम जी की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई।