स्व. आलोक शर्मा के निवास पर शोक व्यक्त करने पहुंचे पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कई स्थानों पर पहुंचकर व्यक्त की शोक संवेदनाएं

भिण्ड, 19 जून। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ शोक व्यक्त करने भिण्ड पहुंचे। जहां उन्होंने जिले के वरिष्ठ पत्रकार रामशंकर शर्मा के आर्यनगर भिण्ड स्थित निवास पर पहुंचकर भारतीय वायु सेना में एलएसी पद पर पदस्थ श्री शर्मा के पुत्र आलोक शर्मा के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। आलोक शर्मा का ड्यूटी के दौरान विगत 21 मई को हार्ट अटैक से आकस्मिक निधन हो गया था।
इस अवसर पर मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर्य ने कहा कि पत्रकार रामशंकर शर्मा के बड़े पुत्र अनूप शर्मा ने थल सेना में रहते हुए आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान सात मई 2010 को शहादत दी थी, जिन्हें मरणोपरांत शौर्यचक्र से नवाजा गया था और अब उनके छोटे बेटे आलोक शर्मा का वायुसेना में रहते हुए निधन एक अपूर्णीय क्षति है। इसके बाद श्री आर्य भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य देवेन्द्र सिंह नरवरिया के आर्यनगर स्थित निवास पर पहुंचकर उनके पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया।
लालसिंह आर्य अपने पूर्व निधारित कार्यक्रम के तहत पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भिण्ड पहुंचे। जहां उन्होंने वरिष्ठ अभिभाषक एवं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के लहार तहसील संघ चालक आशाराम शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे। जहां उन्होंने कहा कि आशाराम शर्मा ने संघ की विचारधारा से लोगों को जोड़कर संगठन और समाज के लिए पूर्ण रूप से समर्पित भाव से कार्य किया। आज भी उनकी ही आदर्श और सिद्धांतों पर उनका परिवार काम कर रहा है। आर्य ग्राम मंगदपुरा में मप्र खनिज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष कोकसिंह नरवरिया के भाई मानसिंह नरवरिया की पत्नी के निधन शोक संवेदना व्यक्त की। वहीं भिण्ड विधायक संजीव सिंह कुशवाह की दादी की मृत्यु पर शोक व्यक्त करने उनके निवास झांसी मोहल्ला पहुंचे। इनके अलावा भिण्ड नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष गोपाल मिश्रा, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहन अग्रवाल, अभाविप के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष समाजसेवी स्व. श्याम बिहारी शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश सेंथिया एडवोकेट की पत्नी महिला मोर्चा मेहगांव की पूर्व नगर अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला सेंथिया एवं मेहगांव कृषि उपज मण्डी डायरेक्टर सोनू के पिता के निधन पर शोक व्यक्त कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य वरिष्ठ नेता डॉ. रमेश दुबे, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर, भाजयुमो के जिलामंत्री रक्षपाल सिंह राजावत, किसान मोर्चा के जिला महामंत्री धर्मेन्द्र सिंह राजावत, भाजयुमो के जिला महामंत्री अनिल सिंह कुशवाह, भाजपा सुभाष मण्डल के अध्यक्ष प्रदीप सिंह भदौरिया टीपू, महाराणा प्रताप मण्डल के अध्यक्ष शेरू पचौरी, वनखण्डेश्वर मण्डल अध्यक्ष अमित जैन मोनू नरवरिया मौजूद रहे।