श्रीकृष्ण नगर में मिला चार माह का भ्रूण, क्षेत्र में आक्रोश

श्रीकृष्ण नगर में मिला चार माह का भ्रूण, क्षेत्र में आक्रोश

भिण्ड। देहात थाना क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जिसने मां की ममता को शर्मसार कर दिया। देहात थाना क्षेत्र के अटेर रोड स्थित श्रीकृष्ण नगर में 4-5 माह के भ्रूण को फेंके जाने का मामला प्रकाश में आया है। स्थानीय निवासियों द्वारा इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण नगर के निवासियों ने इलाके में सड़क किनारे एक भ्रूण पड़ा देखा। इस दृश्य ने मोहल्ले में सनसनी फैला दी। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को अपने कब्जे में लिया। उसे पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया है कि यह कृत्य किसी माता-पिता द्वारा अपने बुरे कर्मों को छुपाने के लिए किया गया हो सकता है। फिलहाल मामले की गहराई से जांच की जा रही है। देहात थाना प्रभारी ने बताया कि भ्रूण की उम्र लगभग 4-5 माह के बीच है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आस-पास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। दोषियों की पहचान और कार्रवाई के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।