भिण्ड, 26 जुलाई। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. रमेश दुबे ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को प्रतिबंधित सूची से हटाए जाने के उच्च न्यायालय के आदेश का स्वागत करते हुए इसे प्रजातंत्र के इतिहास की एक महत्वपूर्ण घटना करार दिया है।
उन्होंने कहा कि इस आदेश से यह स्वत: प्रमाणित हो गया है कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ एक राष्ट्रवादी और महत्वपूर्ण सामाजिक संगठन है जो देश भक्ति और जन कल्याण की विचारधारा को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रहा है। गौर तलब है कि संघ को प्रतिबंधित सूची में डालने एवं शासकीय कर्मचारियों के संघ के साथ कार्य करने को प्रतिबंधित किए जाने के खिलाफ इंदौर उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की गई थी, उक्त याचिका के माध्यम से उच्च न्यायालय से मांग की गई कि संघ को इस प्रतिबंधित सूची से हटाया जाए, जिस पर इंदौर बैंच ने सुनवाई करते हुए संघ को पूर्व सरकारों की मनोदशा पर तीखी टिप्पणी एवं आलोचना करते हुए प्रतिबंधित सूची से बाहर करने का आदेश दिया। साथ ही शासकीय कर्मचारियों को संघ के साथ कार्य करने को राष्ट्रहित में बताया गया और उन्हें संघ में कार्य करने की छूट प्रदान की। उक्त निर्णय को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. रमेश दुबे ने उच्च न्यायालय इंदौर खण्डपीठ के इस निर्णय का स्वागत किया है।