सत्संग से हमें धर्म पर चलने की प्रेरणा मिलती है : रामदास महाराज

-मंगलवार को दंदरौआ धाम में डॉक्टर हनुमान के दर्शन करने उमडी भक्तों की भीड

भिण्ड, 16 जुलाई। जिले के सबसे बडे धार्मिक स्थल दंदरौआ धाम में मंगलवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालु डॉक्टर हनुमान के दर्शन करने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने डॉक्टर हनुमान के दर्शन कर महंत महामण्डलेश्वर रामदास महाराज का आशीर्वाद लिया।
महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मनुष्य का मरते वक्त जिस चीज का ध्यान करता है, वह उसी को प्राप्त करता है। मनुष्य का मन जिस चीज में लग जाता है, भगवान वही चीज मनुष्य को देता है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माजी ने गाय को इसलिए बनाया था कि माता बहनें भगवान को कहां ढूंढने जाएंगी, तो ब्रह्माजी ने गाय में सभी भगवान को स्थापित कर दिया। इसीलिए माता बहनें पहले भोजन तैयार करते वक्त पहली रोटी गाय लिए निकालती हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य का जीवन बिना सत्संग के नहीं चल सकता हैं। सत्संग से हमें धर्म पर चलने की प्रेरणा मिलती है। पिता की आज्ञा का पालन करने से मनुष्य को धर्म की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर रामबरन पुजारी, जलज त्रिपाठी, केसी जोशी, नरसी दद्दा, राजेन्द्र सिंह भदौरिया, एडवोकेट विनोद दीक्षित, रामनिहोरे जोशी सहित अनेक श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।