भाजपा सरकार में संविधान और संविधान को मानने वाले खतरे में : सज्जन वर्मा

तोर का पुरा में कांग्रेस की संविधान बचाओ संकल्प सभा आयोजित

भिण्ड, 08 अक्टूबर। कांग्रेस की संविधान बचाओ संकल्प सभा अटेर विधानसभा के ग्राम तोर के पुरा में आयोजित की गई। जिसमें कांग्रेस पार्टी के पूर्व मंत्री वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने मणिपुर के हालातों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुप्पी पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि संविधान बचेगा, तभी मणिपुर पर बचेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बात करेंगे, मणिपुर में उनके दल की सरकार है, लेकिन वह संसद में इस पर कुछ नहीं बोल रहे हैं। आज डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश और देश में महंगाई, बेरोजगारी को बढावा देकर आमजन का जीना मुहाल कर दिया है। अटेर के एक घटना का जिक्र करते हुए वर्मा ने कहा कि संविधान बनाकर कानून को अमलीजामा पहनाने वाले बाबा साहब की मूर्ति थाने में रखी है और उनकी रक्षा करने वाले लोगों पर एफआईआर दर्ज हो रही है। इससे लगता है कि भाजपा सरकार में संविधान और लोकतंत्र और उनके मानने वाले सभी खतरे में है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फूलसिंह बरैया ने कहा कि संविधान बचाने का एक ही मात्र उपाय है और वो है भाजपा को 2023 में प्रदेश से और 2024 में देश से बाहर का रास्ता दिखाया जाए और उसका एक ही विकल्प है, संविधान को बचाने का संकल्प लेकर काम करने वाली कांग्रेस पार्टी को देश और प्रदेश में सरकार में लाकर। उन्होंने बसपा पर भी तंज कसते हुए कहा कि बसपा अब भाजपा के एजेंट के रूप में कार्य कर रही है और उसका वोट देने का अर्थ है भाजपा को वोट देना। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का मिशन अधूरा देश में सिर्फ राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ही पूरा कर सकती है। इसलिए अटेर सहित जिले में पांचों सीटों को कांग्रेस की झोली में डालने का समय है।

इससे पूर्व कांग्रेस के अटेर पूर्व विधायक हेमंत कटारे ने कहा कि मैंने अपने 15 माह के कार्यकाल में हर गांव में विकास कार्य किया। विधायक निधि मुझे सिर्फ एक साल की मिली। कई कार्य हमने अपनी खुद की निधि से किया और कभी किसी कार्य में कमीशन लेना तो दूर सपने में सोचा तक नहीं। लेकिन आज जानकर बहुत दु:ख होता है कि जिस अटेर की जनता के लिए मेरे पूज्य पिताजी सत्यदेव कटारे ने दिन रात मेहनत कर उनकी सेवा की, आज उसी अटेर की जनता को आपने कार्यों के लिए दद्दा टैक्स देना पड रहा है, इसलिए दद्दा टैक्स से मुक्ति के लिए मुझे आशीर्वाद दें। मैं अपने स्व. पिता की कसम खाकर कहता हूं आपकी सेवा के लिए अपने खून तक बहाने से भी पीछे नहीं हटूंगा।
कटारे की विरासत बढाने आया हूं
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि आपकी चंबल की माटी के सपूत सत्यदेव कटारे ने पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने आपके क्षेत्र का मान बढाया वो हमारे अच्छे मित्र थे। मैं उनकी विरासत को हेमंत कटारे के रूप में बढाने आया हूं। उसकी गारंटी लेता हूं ये आपके भरोसे को हमेशा कायम रखेगा।
इससे पूर्व अतिथियों ने संविधान निर्माता बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण भी किया। कार्यक्रम को गोहद विधायक मेवाराम जाटव, प्रदेश प्रवक्ता देवाशीष जरारिया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा, जिला पंचायत सदस्य संजू जाटव, पूर्व अध्यक्ष जयश्रीराम बघेल, सुशीला नरवरिया, प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन अटेर अध्यक्ष अरविंद बघेल ने किया।
पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा का बहुआ में हुआ भव्य स्वागत
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के सहयोगी पूर्वमंत्री सज्जन सिंह वर्मा का रविवार को अटेर आगमन के दौरान मेहगांव क्षेत्र के ग्राम बहुआ पर कांग्रेस नेताओं ने भव्य स्वागत अभिनंदन किया। स्वागत करने वालों में प्रदेश कांग्रेस के जगदीश शर्मा, किसान कांग्रेस के प्रदेश सचिव प्रमोद शुक्ला, अमृत सिंह पटेल, महेश पटेल, रामकुमार शर्मा, अरुण शर्मा, गीरीश दण्डोतिया, उमेश कुशवाह, प्रमोद पटेल, कल्लू गर्ग, गरीब जाधव, श्यामलाल जाधव, गिर्राज दण्डोतिया, रामदुलाली दुबे, कल्लू शर्मा आदि प्रमुख हैं।