महिला चौपाल लगाकर जनसेवा मित्रों ने शासन की योजनाओं की जानकारी दी

भिण्ड, 21 सितम्बर। मुख्यमंत्री युवा इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत महिला चौपाल कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत बाराकलां में महिला चौपाल का आयोजन किया गया। जहां आंगनबाडी केन्द्र पर गांव की महिलाओं को इकट्ठा किया। महिलाओं सें उनको मिल रही योजनाओं के लाभ के बारे में जाना एवं वंचित महिलाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए जनसेवा मित्र द्वय मनीष सिंह कुशवाह, राहुल राजपूत ने महिलाओं सें संवाद किया एवं संवेदनशीलता से उनकी समस्याएं सुनीं।
चौपाल में वृद्ध महिला नीरज देवी ने बताया कि उनका आधार पंजीयन नहीं है, जिससे उनको पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। उनके आधार पंजीयन हेतु जनसेवा मित्रों ने सहयोग कर पंजीयन हेतु उन्हें दस्तावेज आदि की जानकारी दी। विकलांग महिला अनीता ने बताया कि उनका जन्म से अभी तक विकलांगता प्रमाण पत्र नहीं बना है, जिससे उनको सामाजिक न्याय विभाग से संचालित शासन की योजनाओ का लाभ नहीं मिल रहा है। महिला चौपाल में करीबन एक सैंकडा महिलाएं उपस्थित रहीं, जिनसे संवाद कर योजनाओं के लाभ के बारे में चर्चा हुई। महिलाओं की चौपाल को आयोजित करने में आंगनबाडी कार्यकर्ता निर्मला सिंह, रीमा दौहरे, ममता, अनीता एवं आंगनबाडी सहायिकाओं में संतोषी, अंशिका आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।