प्लास्टिक का इस्तेमाल पर्यावरण के लिए बेहद हानिकारक : डॉ. गुर्जर
विश्व पर्यावरण दिवस पर उत्कृष्ट विद्यालय में हुआ पौधारोपण कार्यक्रम
पर्यावरण जागरुकता के लिए रासेयो ने निकाली रैली
भिण्ड, 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना ने लोगों में पर्यावरण जागरुकता लिए शहर में रैली निकाली। छात्र तख्तियों पर लिखे नारे लगाकर पर्यावरण बचाने का संदेश दे रहे थे- पेड़-पौधे लगाएंगे-पृथ्वी को बचाएंगे, पॉलिथीन हटाओ-पर्यावरण बचाओ, सांसें हो रहीं कम-आओ पेड़ लगाएं हम। रैली उत्कृष्ट विद्यालय से सीएम राइज स्कूल होते हुए आर्यनगर, लश्कर रोड, शास्त्री चौक होकर क्र.एक स्कूल पर समाप्त हुई।
इस दौरान प्राचार्य पीएस चौहान ने उपस्थित जनों को प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने का आह्वान करते हुए अपने परिषद को पॉलिथीन मुक्त बनाने की शपथ दिलवाई और कहा कि हम सभी पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प लेते हैं और प्रति वर्ष कम से कम दो पेड़ लगाकर उन्हें संरक्षित करेंगे। आज पूरा विश्व ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण प्रदूषण की समस्या से जूझ रहा है। अपनी पीढ़ी के भविष्य और पर्यावरणीय संतुलन के लिए प्रतिवर्ष अधिकाधिक पेड़-पौधे लगाना जरूरी है।
सुप्रयास संस्था से समाजसेवी पर्यावरणविद डॉ. मनोज जैन ने पर्यावरण संरक्षण पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन रोकने के लिए पौधारोपण करना अति आवश्यक है। इसके साथ ही हमें जल संरक्षण और ऊर्जा संरक्षण के प्रति भी जागरुक होना होगा। रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धीरज सिंह गुर्जर ने बताया कि पर्यावरण दिवस प्रतिवर्ष पूरे विश्व में पांच जून को पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण हेतु लोगों में जागरुकता फैलाने के लिए मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रकृति की रक्षा के लिए जागरुकता बढ़ाना है। इस दिवस को मनाने की घोषणा संयुक्त राष्ट्र ने 1972 में की। इस वर्ष पर्यावरण दिवस-2023 की थीम ‘बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन’ यानी प्लास्टिक प्रदूषण को हराएं रखी गई है। प्लास्टिक का इस्तेमाल पर्यावरण के लिए बेहद हानिकारक है।इ सके इस्तेमाल रोकने पर ध्यान दें। सब्जी, किराने के लिए घर से ही कपड़े या जूट का थैला लेकर जाएं। वरिष्ठ शिक्षक सतेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि अच्छे काम की खुद से शुरुआत करके मिशाल कायम करें। हम पेड़ लगाएं, प्लास्टिक को ना कहें, स्वच्छ परिवेश बनाएं और ये काम अपने घर और संस्था या कार्यालय से शुरू करें तो निश्चित ही इसका संदेश सर्वत्र जाएगा।
विद्यालय के परिवेश को और अधिक पर्यावरण समृद्ध बनाने के लिए उत्कृष्ट और सीएमराइज विद्यालय प्रांगण में आम और अमरुद के 25 फलदार पौधे रोपे गए। इस मौके पर उप प्राचार्य पंकज जयंत, व्याख्याता आरबी शर्मा, उपेन्द्र सिंह भदौरिया, संजीव कुशवाह, डीडी दीक्षित, धीरज त्रिपाठी, एसके जैन, घनश्याम राठौर, यतीन्द्र शर्मा, पीटीआई आनंद द्विवेदी, सुरेन्द्र बघेल सहित छात्र करण श्रीवास, नारायण सिंह, अभिमन्यु, सरस्वती यादव, काजल, कामिनी भाटिया, मोहिनी कर्ण, प्रिया भदौरिया, कशिश, इशिका राय, रौनक, प्रियंका, मोहिनी, तुलसी शर्मा आदि उपस्थित रहे।