भाविप शाखा जागृति ने अस्पताल परिसर में किया पौधारोपण
भिण्ड, 05 जून। जिस प्रकार एक मां अपने बच्चे को अपने खून और पसीने से संचित करती है, उसका युवावस्था तक ध्यान रखती है, तब जाकर वह एक वयस्क आत्मनिर्भर बालक होता है। ठीक इसी प्रकार एक पौधे को भी हमें अपने बच्चे के समान अपने रक्त और पसीने से सींचना होता है, समय-समय पर उसकी देख-रेख करनी होती है। जल, खाद, छाया इत्यादि का ध्यान रखना होता है, तब जाकर वृक्ष यह पौधा वृक्ष का रूप लेता है और हमें दूरगामी परिणाम देता है। यह बात भारत विकास परिषद शाखा जागृति द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान जिला चिकित्सालय परिसर में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शालिनी जैन ने कही।
जिला चिकित्सालय के मेडिकल ऑफिसर डॉ. बृजेन्द्र सिंह गुर्जर ने वृक्षों से प्राप्त ऑक्सीजन का महत्व सदस्यों को समझाया और पौधारोपण किया। शाखा संरक्षक डॉ. उमा शर्मा ने वृक्षों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए समझाया कि हमें नित्य प्रतिदिन उठकर आस-पास के पौधों पर कुछ समय रोज देना चाहिए, जिससे कि वे वृक्ष का आकार ले सकें। शाखा अध्यक्ष ऊषा नगरिया ने बताया कि परिषद द्वारा 51 पाधों का रोपण जुलाई माह तक संपन्न किया जाएगा। इस अवसर पर शाखा सचिव रत्ना कुशवाह, पूर्व अध्यक्ष आभा जैन, पर्यावरण संयोजक प्रियंका शुक्ला, रामा कुशवाह, श्रवण पाठक, श्रीकृष्ण शुक्ला, शिशुपाल आदि उपस्थित रहे।