जिला कांग्रेस ने मनाई पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की पुण्यतिथि
भिण्ड, 05 मार्च। जिला कांग्रेस कमेटी भिण्ड ने बीटीआई रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय पर पूर्व मुख्यमंत्री स्व. अर्जुन सिंह पुण्यतिथि मनाई। जिसमें कार्यकर्ताओं ने अर्जुन सिंह के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रृद्धाजंलि दी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सेवादल यंग बिग्रेड के प्रदेश सहसंयोजक धर्मेन्द्र भदौरिया पिंकी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अर्जुन सिंह एक उच्च प्रशासक, कुशल रणनीतिकार और सफल कूटनीतिज्ञ थे। जिन्होंने अपनी बौद्धिक कुशलता से पंजाब के आतंकवाद को समाप्त करने में अहम भूमिका अदा की और राजीव-लोंगोवाल समझौता कराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संगठन मंत्री इरसाद अहमद ने कहा कि अर्जुन सिंह का राजनीतिक जीवन बड़ा उथल-पुथल भरा रहा। भोपाल गैस कांड, चुरहट लाटरी जैसी घटना भी उनके साथ जुड़ा। वहीं कुछ राजनीतिक परिस्थितयों को छोड़ दे तो वे एक सफल राजनीतिज्ञ थे। जो अनेको बार विधायक, लोकसभा-राज्यसभा सदस्य के साथ केबिनेट मंत्री और पंजाब के राज्यपाल भी रहे।
कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज ने कहा कि अर्जुन सिंह ने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए गुरू घासीदास विश्वविद्यालय की स्थापना की थी, ग्रामीण युवाओं ओर महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में उन्होंने केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री रहते हुए कई यादगार कार्य किए थे। संगोष्ठी में सदभावना प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव नयन सिंह राजावत बाराकलां, दीपू दुबे, आईटी सेल से रानू भदौरिया, योगेश शाक्य, अहवरन बघेल, भागीरथ कुशवाह, अजा मोर्चा के वरिष्ठ नेता रामजीलाल शाक्य, जितेन्द्र वर्मा, सुभाष सिकरवार, राजकुमार भदौरिया, हनीफ खान आदि ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन सोहिल खान एवं अभार झिंगरी राजावत ने व्यक्त किया।