भिण्ड, 25 फरवरी। शासकीय महाविद्यालय मेहगांव की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की स्वयं सेवक शताक्षी शर्मा ने राष्ट्रीय एकता शिविर हरियाणा में सहभागिता कर जो उपलब्धि प्राप्त की है, वह संस्था के लिए गौरव का विषय है। यह सात दिवसीय राष्ट्रीय एकता शिविर महर्षि मार्कण्डेय विश्वविद्यालय अंबाला हरियाणा में 14 से 20 फरवरी तक आयोजित किया गया था। जिसमें जीवाजी विश्वविद्यालय से कुल आठ स्वयं सेवकों का चयन समन्वयक डॉ. रविकांत अदालतवाले के निर्देशन में हुआ था। इस सात दिवसीय शिविर में भारत के 17 राज्यों से कुल 200 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
राष्ट्रीय एकता शिविर का उद्देश्य एक दूसरे राज्यों की संस्कृति से परिचित होकर उसे विस्तृत कर संरक्षण प्रदान करना है। भारत की संस्कृति विश्व के हर कोने में अपनी अलग पहचान बनाती है। सभी राज्य के युवा साथियों ने शिविर में अपने-अपने राज्यों की संस्कृति की झलकियां प्रस्तुत की और एक दूसरे राज्यों की सांस्कृतिक परंपराओं को जाना। इस प्रकार के शिविर छात्र-छात्राओं में साहस, विश्वास, मैत्री, निर्णय की क्षमता, चातुर्य, अनुभूति, अनुशासन समय प्रबंधन और नेतृत्व जैसे गुणों को विकसित कर व्यक्तित्व विकास की प्रथम सीढ़ी माने जाते हैं। विशेष शिविर आयोजित करने का मुख्य प्रयोजन समाज कार्य के माध्यम से व्यवहारिक शिक्षा देना है। यह छात्रों के दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में सहायक होता है और उनमें राष्ट्रीय चेतना तथा सामाजिक दायित्व की भावना का विकास करता है। शताक्षी शर्मा की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आरके डबरिया, कार्यक्रम अधिकारी प्रो. गिरिजा नरवरिया एवं समस्त स्टाफ सहित जिला संगठक कार्यालय प्रभारी प्रो. रामअवधेश शर्मा एवं समन्वयक डॉ. रविकांत अदालतवाले ने शुभकामनाएं दी हैं।