दबोह में कांग्रेस ने निकाली हाथ जोड़ा तिरंगा पदयात्रा
भिण्ड, 24 फरवरी। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह की अगुवाई में दबोह में नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा वार्ड क्र.आठ में ढोल नगाड़ों के साथ भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हाथ जोड़ो तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता संजय सिंह गुर्जर के निवास पर सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
मुख्य वक्ता के रूप में लहार जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष रामेश्वर दयाल कौरव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के दवाब में प्रशासन में बैठे जो अधिकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दवाब बनाकर धमकी देने का काम कर रहे हैं, वो सुधर जाएं। हम डॉ. गोविन्द सिंह के कार्यकर्ता हैं, हम गांधीवाद के सिद्धांत पर चलने वाले लोग हैं। ऐसा आंदोलन होगा जो जबर्दस्त होगा, किसी भी हालत में हिटलर शाही नहीं सहेंगे।
नगर परिषद अध्यक्ष विमला-नरेन्द्र दुधारिया ने भाजपा की विकास यात्रा को विनाश यात्रा बताया। उन्होंने कहा कि मप्र लगातार कर्ज में डूबता जा रहा है। बिजली विभाग किसानों को कर्जदार बना रहा है, भाजपा सरकार जन विरोधी कानूनी नियम लागू कर रही है, जो प्रदेश के हित में नहीं है।
अंत में आभार कांग्रेस नेता शिवकुमार गुप्ता ने व्यक्त किया। इस मौके पर पूर्व विधायक प्रतिनिधि राजेन्द्र खेमरिया, कांग्रेस नेता दुर्जन कुशवाह, पार्षद शेरे पठान एवं सुधीर तिवारी, पार्षद प्रतिनिधि माधव यादव एवं नारायण सिंह दोहरे, कांग्रेस नेता रामाधार सर्राफ, युवक कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष शेरसिंह कौरव, संजू गुप्ता, मुबीन पठान, राघवेन्द्र योगी आदि लोग मौजूद रहे।