मंशापूर्ण हनुमान मन्दिर पर चल रही श्रीराम कथा का हुआ समापन
भिण्ड, 23 फरवरी। श्री मंशापूर्ण हनुमान मन्दिर पर चल रही श्रीराम कथा के अंतिम दिन गुरुवार को कामदगिरि चित्रकूट धाम से पधारे श्रीश्री 1008 जगतगुरू रामस्वरूपचार्य ने भगवान श्रीराम के राजतिलक का वर्णन किया।
श्री रामस्वरूपचार्य महाराज ने कहा कि गाय भगवान को प्रिय है, जो व्यक्ति इनसे प्रेम करता है उस पर भगवान प्रसन्न होते हैं। गायों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। उन्होंने केवट प्रसंग, राम भरत मिलाप, भगवान राम के द्वारा भक्तों का उद्धार, लंका का दहन, रावण का अंत, राम के राजतिलक के प्रसंग पर कथा सुनाई। कथा के समापन पर राम राज्याभिषेक उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर श्रोता भजनों की धुन पर झूम उठे। उन्होंने कहा कि प्रभु को प्रकट करने के लिए समय स्थान स्थिति नहीं बल्कि समर्पण होना चाहिए। अंत में राम द्वारा लंका पर विजय की कथा भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी का प्रसंग सुनाया। इस दौरान श्रोताओं ने श्रीराम के नाम के जयकारे लगाये।
श्रीराम कथा में प्रदेश के नगरीय प्रशासन आवास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया, अटेर जनपद में विधायक प्रतिनिधि विकास शर्मा ने महाराजश्री को शॉलों श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया। श्रीराम कथा के अंतिम दिन हवन यज्ञ में समस्त श्रृद्धालुओं व सदस्यों ने संयुक्त रूप से वैदिक मंत्रोच्चारण से आहुति डालकर परिवार की सुख शांति के मन्नतें मांगी। 24 फरवरी को पीडब्ल्यूडी कॉलोनी पेट्रोल पंप के सामने विशाल भण्डारे का आयोजन होगा। सभी भक्तों एवं साधु-संतों से अनुरोध है कि प्रसादी ग्रहण अवश्य करें। इस अवसर पर परीक्षत बृजभूषण सिंह तोमर, मंशापूर्ण हनुमान मन्दिर समिति के अध्यक्ष एवं जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह जादौन, ओमप्रकाश पुरोहित, पूर्व नपा उपाध्यक्ष रामनरेश शर्मा, अभिभाषक राममिलन शर्मा, प्रदीप मिश्रा, श्रीमती कल्पना मिश्रा, गणेश भारद्वाज, कमल किशोर शर्मा, अरुण कुमार गुप्ता आरती में शामिल हुए।