मां सरस्वती को ज्ञान विद्या और बुद्धि की देवी कहा जाता है : प्रो. शर्मा

ग्राम नालीपुरा में वसंत पंचमी पर हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम

भिण्ड, 28 जनवरी। वसंत पंचमी के पावन पर्व पर ग्राम नालीपुरा में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. रामानंद शर्मा, विशिष्ट अतिथि अरविंद सिंह भदौरिया एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता उमेश वर्मा ने की। इस अवसर पर शैलेश सक्सेना, योगेश शर्मा, सूरज निगम, दिव्या निगम आदि उपस्थित थे। सर्वप्रथम कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलन और माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. रामानंद शर्मा ने कहा कि मां सरस्वती ज्ञान, विद्या और बुद्धि की देवी हैं, सरस्वती माता एक ऐसी देवी है जिनके स्मरण मात्र से बच्चों को पाठ्यक्रम संस्मरण हो जाता है। उन्होंने कहा कि छह ऋतुओं में वसंत ही ऋतुराज है, बसंत पर्व मन, बुद्धि और हृदय को पावन करने की साधना का पर्व है।
अरविंद सिंह भदौरिया ने बसंत पंचमी का महत्व बताते हुए कहा कि वसंत ऋतु में ज्ञानदायिनी माता सरस्वती का अवतरण हुआ था तथा उन्हें ज्ञान, कला, बुद्धि, गायन की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उमेश वर्मा ने मां वीणा वादिनी के अवतरण दिवस के पावन पर्व पर छोटे-छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन योगेश शर्मा ने किया। अंत में सभी बच्चों को पुरस्कृत किया गया।