दिव्यांग जनों के कल्याण तथा उन्हें सशक्त बनाने सरकार द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं : संजीव सिंह
सामाजिक अधिकारिता शिविर में 439 दिव्यांगजनों को लगभग 69 लाख की लागत के सहायक उपकरण वितरित
भिण्ड, 14 जनवरी। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार, भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) तथा जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से शनिवार को सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन निराला रंग बिहार मेला ग्राउण्ड भिण्ड में किया गया। जिसमें भिण्ड जिले हेतु कुल 439 सहायक उपकरणों का वितरण दिव्यांगजनों के बीच किया गया। कार्यक्रम में सांसद श्रीमती संध्या राय, क्षेत्रीय विधायक संजीव सिंह कुशवाह, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, एसपी शैलेन्द्र सिंह चौहान, सीईओ जिला पंचायत जेके जैन, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती कृष्णकांता तोमर, सीएमएचओ डॉ. यूपीएस कुशवाह, सीएसआर से गणेश जोशी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, दिव्यांग बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती संध्या राय ने कहा कि हमारे जिले का एक भी दिव्यांगजन शासन की योजनाओं से अछूता न रहे, इसीलिए उन्हें मुख्य धारा से जोडऩे के लिए आज जिले के 439 दिव्यांगजनों को लगभग 69 लाख की लागत के उपकरण यहां दिव्यांग जन लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो दिव्यांग इस शिविर में मोट्राइज्ड बैटरी चलित साइकिल या अन्य उपकरण पाने से वंचित रह गए हैं। उनके पंजीयन एवं जिले में दिव्यांगजनों को चिन्हित कर उन्हें आगामी शिविर में उपकरण बांटे जाएंगे। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजन को समाज की मुख्य धारा में जोडऩे तथा देश के विकास में योगदान देने का अवसर देते हैं। इन शिविरों में पूरी पारदर्शिता के साथ कृत्रिम उपकरणों का वितरण किया जा रहा है।
भिण्ड विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने कहा कि भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण तथा उन्हें सशक्त बनाने हेतु लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज के हर क्षेत्र में प्रगति करके बड़े-बड़े पद प्राप्त कर रहे हैं। शासन की कल्याणकारी योजनाओं से दिव्यांगों को विकास के पूरे अवसर दिए जा रहे हैं। यह शिविर भी दिव्यांगों की सेवा का उत्तम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि शिविर में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार, भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम कानपुर (एलिम्को) तथा जिला प्रशासन के सहयोग से सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार, भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) तथा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 439 सहायक उपकरणों का वितरण दिव्यांगजनों के बीच किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिन सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। उनमें 15 मोट्राइज्ड ट्राईसाइकिल, 281 ट्राईसाइकिल, 65 व्हील चेयर, 25 बेशाखी, आठ वॉकिंग स्टिक, सात स्मार्ट फोन, छह हियरिंग ऐड, 20 एमएसआईईडी किट, 12 कृत्रिम अंग आदि शामिल हैं।