वृक्षाबंधन वसुंधरा श्रंगार सामाजिक संगठन की अनूठी एवं सराहनीय पहल : रामदास महाराज

आठवीं डॉक्टर हनुमान नक्षत्र वाटिका दंदरौआ धाम में वृक्षाबंधन पर्व आयोजित

भिण्ड, 13 अगस्त। वसुंधरा श्रंगार सामाजिक संगठन द्वारा मेहगांव क्षेत्र के दंदरौआ धाम में एक वर्ष पूर्व आठवीं नक्षत्र वाटिका स्थापित की गई थी, वहीं शनिवार को पूरी टीम द्वारा वृक्षों को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन का पर्व वृक्षाबंधन के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर श्रीश्री 1008 महामण्डलेश्वर महंत श्री रामदास महाराज जी ने पूर्व में लगाए हुए पौधों को रक्षा सूत्र बांधा और सब लोगों ने मिलकर वृक्ष बनाने का संकल्प लिया।
श्री रामदास महाराज ने बताया कि यह बाटिका कल्पवृक्ष के समान है, इसका हमारे जीवन में आध्यात्मिक और वैज्ञानिक दोनों दृष्टि से बहुत बड़ा योगदान है। इसलिए हम सभी को ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण कर इस प्रकार की नक्षत्र वाटिका का रोपण करना चाहिए। वसुंधरा श्रंगार सामाजिक संगठन द्वारा रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर वृक्षाबंधन की जो पहल की गई है, यह बड़ी ही सराहनीय है। इस पहल से निश्चित ही पौधों का संरक्षण होगा और एक दिन यह पौधे वृक्ष का स्वरूप लेंगे। नक्षत्र के वृक्षों पर रक्षा सूत्र साक्षात भगवान के रक्षा सूत्र बांधना है, इससे आध्यात्मिक रूप से भी वृक्षों का संरक्षण होगा।
वसुंधरा श्रंगार सामाजिक संगठन के अध्यक्ष हरेकृष्ण शर्मा आजाद ने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पिछले दो वर्षों से वृक्षा बंधन पर्व विभिन्न विभिन्न वाटिकाओं में मनाया जा रहा है। हमारे प्रत्येक पर्व पर्यावरण संरक्षण की शिक्षा देते हैं और यह पर्व भी पर्यावरण संरक्षण का महापर्व है। पूरी टीम द्वारा पूर्व में लगाए गए सभी पौधों पर रक्षा सूत्र बांधे गए। दंदरौआ नक्षत्र वाटिका प्रभारी शैलेन्द्र भारद्वाज ने बताया कि 50 से अधिक नए पौधों का रोपण किया गया, जिसमें तेज पत्र, पीपल, मधु कामिनी, मोगरा, बेलपत्र आदि पौधों का रोपण किया गया। इसमें भागवताचार्य अंकित शास्त्री, वसुंधरा श्रंगार सामाजिक संगठन के पदाधिकारी धर्मवीर यादव, दीपक मिश्रा आदि का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।