ओलावृष्टि के नाम पर तहसीलदार व बाबुओं ने किया भ्रष्टाचार

पूर्व मंत्री लहार विधायक डॉ. गोविन्द सिंह ने प्रेसवार्ता में लगाए आरोप

भिण्ड, 28 जुलाई। ओलावृष्टि के नाम पर तहसीलदार, पटवारी एवं बाबुओं ने जमकर भ्रष्टाचार किया है। पहले किसानों के खातों में फर्जी तरीके से राशि डाल दी और फिर उसे वापस लेकर बंदरबांट किया गया। यह आरोपी बुधवार को वायपास रोड टिकासरे पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री लहार विधायक कांगे्रस नेता डॉ. गोविन्द सिंह ने लगाए। डॉ. सिंह के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया।
पूर्वमंत्री डॉ. गोविन्द सिंह ने कहा कि माह फरवरी 2020 में भिण्ड जिले की गोहद तहसील की लगभग 18 ग्राम पंचायतों में हुई ओलावृष्टि के 19 हजार 457 खातेदारों को कुल 25 करोड़ 34 लाख 75 हजार 333 रुपए की राशि वितरित की गई। इनमें अनेक गांव ऐसे हैं, जहां ओलावृष्टि नहीं हुई फिर भी उन गांवों के किसानों के खातों में फर्जी तरीके से राशि डालकर उन किसानों से 80 प्रतिशत राशि वापस लेकर बंदरबांट कर ली गई। ओलावृष्टि के ग्राम कीरतपुरा-माधौगढ़ की राशि ग्राम छरेंटा-करवास के किसानों के बैंक खातों तथा बिना ओलावृष्टि के ग्राम कनीपुरा के किसानों के बैंक खातों में राशि डालकर हड़प ली गई।
पूर्व मंत्री ने तहसील गोहद में विजय सिंह नाम के एक व्यक्ति को चौकीदार बनाकर सेंट्रल बैंक ऑफ इण्डिया शाखा गोहद के खाते में माह अगस्त 19 से 19 मार्च 21 तक प्रतिमाह खजाने से राशि आहरण कर खाते में डालकर गवन किया गया। इसी तरह फर्जी नामों से प्रतिमाह खजाने से राशि आहरण कर तहसीलदार रामजीलाल वर्मा, क्लर्क परशुराम लहारिया, उप कोषालय गोहद के क्लर्क विकास ऋषीश्वर, नायब नाजिर अवध शर्मा द्वारा घोटाला किया गया। गोहद क्षेत्र के खरौआ सहित अनेक गांवों के व्यक्तियों के एक ही खातों में कई बार राशि डाली गई, इनमें से कई ऐसे भी हैं, जिनके पास कृषि भूमि ही नहीं है। ऐसे ही रायसिंह पुत्र मायाराम के खाते में आठ बार, ग्याप्रसाद जगतसिंह के खाते में 12 बार, हरेन्द्र सिंह के खाते में 11 बार, शिवचरन सिंह पुत्र जसवंत के खाते में 15 बार लाखों रुपए की राशि डालकर हड़प ली गई। कांगे्रस द्वारा ओलावृष्टि राशि वितरण की बारीकी से जांच कराई जाकर दोषियों पर कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन पर डॉ. गोविन्द सिंह के अलावा प्रदेश महासचिव खिजर मोहम्मद कुरैशी, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवनारायण दुबे, कांगे्रस जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाह, शहर जिलाध्यक्ष अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा, ब्लॉक कांगे्रस गोहद अध्यक्ष राघवेन्द्र शर्मा, किसान कांगे्रस अध्यक्ष आशीष गुर्जर, डॉ. राजकुमार देशलहरा, डीबी सिंह, देवभान भदौरिया ने हस्ताक्षर किए गए।