छात्रवृत्ति के लिए विद्यार्थियों के आवश्यक अभिलेखो का भलीभांति परीक्षण कर ही प्रस्ताव भिजवाएं

भिण्ड, 13 अप्रैल। शासन मंशानुसार वर्ष 2021-22 के छात्रवृत्ति प्रकरणों की स्वीकृृति एवं वितरण समयावधि में किया जाना है। चूंकि अधिकांश संस्थाओं द्वारा आज दिनांक तक छात्रवृत्ति पोर्टल पर फीस विवरण दर्ज नहीं किया गया है। जिससे छात्रवृत्ति के कार्य में विलंब होने की संभावना है।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने शासकीय एवं अशासकीय प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि आप छात्रवृत्ति पोर्टल पर वर्ष 2021-22 का फीस विवरण अतिशीघ्र दर्ज कर उसको वेरीफिकेशन जिला कार्यालय से कराना सुनिश्चित करें। साथ ही प्रस्ताव तैयार करने से पूर्व संबंधित विद्यार्थियों के आवश्यक अभिलेखों का भली-भांति परीक्षण करें। अपात्रता की दशा में प्रस्ताव तैयार न किया जाकर अपने स्तर पर ही आवेदन नियमानुसार निरस्त करना सुनिश्चित करें। उक्त प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत शासकीय संस्था प्राचार्य अपनी स्वीकृतियां तथा अशासकीय संस्था प्राचार्य, अपने छात्रवृत्ति प्रस्ताव, नोडल अधिकारी के माध्यम से पांच दिवस में कार्यालय जिला संयोजक, अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग भिण्ड में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।