केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के प्रयास रंग लाए- गडकरी ने 96 करोड की अशोकनगर-गुना बायपास परियोजना को दी मंजूरी

– सिंधिया ने जताया आभार, कहा- परियोजना से आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को मिलेगी नई गति

ग्वालियर, 25 अगस्त। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निरंतर प्रयासों से मध्य प्रदेश को बडी सौगात मिली है। केन्द्रीय सडक एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 96 करोड रुपए की अशोकनगर-गुना बायपास परियोजना को मंजूरी प्रदान की है। इस अवसर पर सिंधिया ने गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को नई दिशा देगी।
सिंधिया ने बीते 18 जून को अपने संसदीय क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए केन्द्रीय सडक एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर अशोकनगर बायपास (अशोकनगर-गुना मार्ग, 12 किमी) को स्वीकृति देने का आग्रह किया था। शनिवार को जबलपुर आगमन के दौरान केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति प्रदान कर क्षेत्र के लाखों नागरिकों की वर्षों पुरानी मांग पूरी कर दी।
सिंधिया के प्रयासों से स्वीकृत अशोकनगर-गुना बायपास अब क्षेत्रीय विकास की नई धुरी बनने जा रहा है। इस मार्ग के निर्माण से न केवल आवागमन और यातायात सुगम होगा, बल्कि कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार जैसे क्षेत्रों में भी नए अवसर पैदा होंगे। ग्रामीण अंचलों को कस्बों और बडे शहरों से जोडते हुए यह सडक स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देगी और सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगी।
सिंधिया ने जताया गडकरी का आभार
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा है कि मेरे द्वारा लिखे गए पत्र पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए केन्द्रीय सडक एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने अशोकनगर बायपास (अशोकनगर-गुना मार्ग, एसएच-20) से रूसला बुजुर्ग-इटवा-मलखेडी-मोहरी-इंग्लखेडी-अशोकनगर-विदिशा (एमडीआर) मार्ग के निर्माण हेतु 96 करोड की स्वीकृति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि इस स्वीकृति से अशोकनगर-गुना क्षेत्र की संपर्कता सुदृढ होगी, यातायात और अधिक सुगम बनेगा तथा आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को नई गति और दिशा मिलेगी। सिंधिया ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए गडकरी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की जनता के लिए विकास की नई राह खोलेगी।
आने वाली पीढियों के लिए मजबूत नींव
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयास और गडकरी के सहयोग से अशोकनगर के विकास की नई तस्वीर उभरने जा रही है। ये परियोजनाएं न केवल वर्तमान आवश्यकताओं को पूरा करेंगी बल्कि आने वाली पीढियों के लिए प्रगति की मजबूत नींव रखेंगी।