सेवानिवृत कर्मचारियों को मौ में दी गई भावभीनी विदाई

भिण्ड, 07 अप्रैल। शिक्षा और वन विभाग से अपनी नौकरी की सेवाकाल अवधि पूर्ण करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को विभाग के साथियों द्वारा सम्मान पूर्वक भावभीनी विदाई दी गई है।
शा. बालक उमावि मौ के सभाकक्ष में मुख्य अतिथि प्राचार्य नरेन्द्र सिंह तोमर के सानिध्य में आयोजित विदाई सम्मान समारोह में सेवानिवृत प्राचार्य एनआर गोयल, क्रीड़ा अधिकारी डीएस जादौन, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बदन सिंह बघेल को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह, रामायण, गीता आदि ग्रंथ भेंट कर विदा किया गया। इस मौके पर खेल अधिकारी डीएस जादौन को घोड़ी पर दूल्हे की तरह सजा कर बिठाया गया और उनके निवास तक बैण्डबाजों के साथ ले जाया गया।
विदाई समारोह में उपस्थित अतिथियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि शिक्षक समाज में क्रांति के जनक होते हैं। शिक्षक के विचारों से समाज में परिवर्तन होता है। हम सभी को शिक्षकों का हमेशा सम्मान करना चाहिए, शिक्षक ही राष्ट्र को मजबूत करता है। कार्यक्रम का संचालन कर रहे शिक्षक दिनेश राजपूत ने अपने उद्वोधन में कहा कि शिक्षक समाज के लिए एक मार्गदर्शक होता है। शिक्षक का समाज के विकास में विशेष योगदान होता है। सेवानिवृत विभूतियों का वरिष्ठ समाजसेवी लाखन सिंह मास्टर, गिरिराज श्रीवास्तव, ब्रजनारायण श्रीवास्तव, आरपी कुशवाह, शिवनारायण, पुरुषोत्तम श्रीवास, धर्मेन्द्र यादव, पप्पू यादव, रमेश राठौर पत्रकार, हीरासिंह यादव, सत्येन्द्र यादव सहित कई लोगों ने पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया।
सेवढ़ा रोड स्थित वन परिक्षेत्र (वन थाना) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत चौकी इंचार्ज खैमरिया को उनकी सेवाकाल अवधि पूर्ण होने पर रेंजर एवं वन परिक्षेत्र मौ कार्यालय के स्टाफ की ओर से शॉल श्रीफल, स्मृति चिन्ह भेंट किए।