प्रदेश में खुलने वाले महिला थानों से महिलाओं को मिलेगी सुरक्षा : संध्या राय

महिला थाने में महिलाओं को मिलेगा न्याय, होगी तत्काल कार्रवाई

भिण्ड, 29 जून। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भिण्ड दतिया लोकसभा सांसद श्रीमती संध्या राय एवं पार्टी जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों पर विराम लगाने की दृष्टि से एवं प्रदेश की मातृशक्ति को न्याय दिलाने के लिए प्रदेश के 42 जिलों में महिला पुलिस थाने खोलने की अधिसूचना जारी कर ऐतिहासिक निर्णय लिया है, जिससे हमारी बहनों को शीघ्र न्याय दिलाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि शेष जिलों में भी शीघ्र महिला पुलिस थाने खोले जाएंगे।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सांसद श्रीमती संध्या राय ने कहा कि महिला थानों में महिला पुलिस स्टाफ स्थापित कर दिया गया है, जिससे महिलाओं से जुड़ी हर समस्या का समाधान महिला थानों में दिलाया जाएगा ताकि उन्हें पूर्ण रूप से न्याय मिल सके और अपराधियों पर कठोर कार्रवाई हो सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को पूरा मान एवं सम्मान दिलाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा का ख्याल रखा जाएगा। महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की घटना होती है तो वे तत्काल संबंधित जिले के महिला थाने में पहुंच कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं ताकि महिला पुलिस उन पर कठोर कार्रवाई कर सके। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सांसद श्रीमती राय एवं पार्टी जिलाध्यक्ष गुर्जर ने प्रदेश के गृह मंत्री और डॉ. नरोत्तम मिश्रा के लिए भिण्ड जिले की महिलाओं की तरफ से उनका आभार व्यक्त किया है।
फोटो 29 बीएचडी-09