कांग्रेस ने मंत्री विजयवर्गीय का पुतला जलाया, इस्तीफे की मांग

– प्रियंका-राहुल पर टिप्पणी से नाराज कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

भिण्ड, 26 सितम्बर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के परेड चौराहे पर शुक्रवार को भाजपा नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ मंत्री की कथित अभद्र टिप्पणी को कांग्रेसजनों ने महिलाओं का अपमान बताते हुए इसे बेहद निंदनीय करार दिया।
इस अवसर पर ग्रामीण जिलाध्यक्ष रामशेष बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की महिलाओं के प्रति मानसिकता ओछी है और आए दिन वे अपमानजनक टिप्पणियां करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि विजयवर्गीय का बयान कांग्रेस ही नहीं, बल्कि पूरे देश की महिलाओं का अपमान है। शहर जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया (पिंकी) ने कहा कि मंत्री तुरंत इस्तीफा दें, अन्यथा कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर और उग्र आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई। इसके बाद पुतला दहन कर कार्यकर्ताओं ने विजयवर्गीय के खिलाफ जमकर मुर्दाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शन में कांग्रेस नेता रामहर्ष सिंह कुशवाह, जगत सिंह यादव, प्रमोद जैन डब्बू, वीरेन्द्र सिंह यादव, विनोद खेमरिया, सोनू बघेल समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।