मृतक कोर्ट में स्टेनोग्राफर, बीटेक, 11वीं के स्टूडेंट
शिवपुरी, 23 मार्च। जिले के करैरा थानांतर्गत एनएच 27 महूअर पुल पर सडक हादसे में कोर्ट के कर्मचारी सहित उसके चचेरे भाई और बहन की मौत हो गई। करैरा थाना क्षेत्र के एनएच 27 महुअर पुल पर यह हादसा हुआ। रॉन्ग साइड से आ रहे तीन पहिया लोडिंग वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान शिवपुरी न्यायालय में स्टेनोग्राफर अंकित राय उम्र 28 वर्ष और उनके चचेरे भाई-बहन सत्यम राय उम्र 20 वर्ष, वैष्णवी राय उम्र 18 वर्ष के रूप में हुई है।
मृतक खोड चौकी क्षेत्र के वीरा गांव के रहने वाले थे। तीनों रविवार दोपहर को एक ही बाइक पर सवार होकर उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बल्लमपुर जा रहे थे। वहां उनके रिश्तेदार के यहां कोई कार्यक्रम था। करैरा में प्राथमिक उपचार के बाद घायल वैष्णवी को ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। मृतक सत्यम अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। छोटी बहन वैष्णवी की भी हादसे में उसी के साथ मौत हो गई। अब परिवार में सिर्फ बडी बहन ही बची है। सत्यम के पिता सुरेंद्र राय शासकीय शिक्षक हैं। वह पिछले दो साल से भोपाल में बीटेक की पढाई कर रहा था। हाल ही में वह होली पर अपने घर लौटा था। सत्यम की बहन वैष्णवी 11वीं कक्षा में पढती थी। शहर में ही अपने माता-पिता के साथ रहा करती थी। वहीं अंकित की नौकरी कोर्ट में स्टेनोग्राफर के पद पर पांच साल पहले लगी थी।