पुलिस लाइन में होली के रंगों में सराबोर दिखे अधिकारी, होली के गानों पर जमकर थिरके

ग्वालियर, 15 मार्च। रंगों के उत्सव होली पर 36 घंटे की ड्यूटी करने के बाद शनिवार को पुलिस लाइन ग्वालियर में अफसरों ने जमकर होली खेली है। पुलिस अफसर होली के रंगों में सराबोर दिखे। ग्वालियर सहित पूरे मप्र में पुलिस जवान व अफसरों ने दूसरे दिन शनिवार को होली मनाई। ग्वालियर पुलिस लाइन में होली खेलते पुलिस अफसरों व जवानों का हुडदंग देखने लायक था।
‘रंग बरसे भीगे चुनरवाली, रंग बरसे‘ और ‘होरी खेले रघुवीरा अवध में होरी खेले रघुवीरा’ गाने पर एसएसपी, एएसपी, सीएसपी, डीएसपी सहित महिला पुलिस अफसर जमकर थिरके। हर कोई होली के रंग और उत्साह में चूर नजर आ रहा था।
एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने होली समारोह की शुरुआत सभी को होली की शुभकामनाएं देकर की। इसके बाद अधिकारियों ने एक दूसरे को रंग और गुलाल लगाया तो वहां पूरा माहौल मानो होली के रंग में रंग गया। होली के गानों पर पुरुष और महिला पुलिसकर्मी नाचते-झूमते नजर आए। इस दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने खूब रंग गुलाल उडाया है।
शुक्रवार को होली के त्योहार पर पुलिस ने 36 घंटे शहर की सडकों पर राउंड द क्लॉक ड्यूटी की थी। पुलिस अफसर व जवान होली के अगले दिन पडवा या दूज पर पुलिस लाइन में होली मनाते हैं। इसी के चलते शनिवार को ग्वालियर पुलिस लाइन में होली का उत्सव मनाया गया। जो पुलिस अधिकारी शहर की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए जाने-पहचाने जाते हैं, आज शनिवार को वह पुलिस लाइन में इस तरह होली खेलते नजर आए जैसे गलियों में मस्तानों की टोली हो। इस मौके पर पुलिस अफसरों व जवानों ने अपने गीत गाने, कविता पाठ करने व नाचने का हुनर दिखाया।
अफसरों और जवानों के लिए थी अलग-अलग व्यवस्था
पुलिस लाइन में होली के हुडदंग को लेकर आरआई लाइन ने सभी इंतजाम काफी अच्छे किए थे। पुलिस अफसरों और जवानों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई थी। पंडाल में आईजी, डीआईजी, एसएसपी, एडिशनल एसपी, सीएसपी, डीएसपी व थाना प्रभारियों के लिए होली खेलने के इंतजाम थे, जबकि उसके बाद जवानों के लिए।
डीजे पर जमकर नाचे पुलिस जवान व अफसर
होली मनाने पहुंचे जवान डीजे पर होली गीत‘रंग बरसे, होरी खेले रघुवीरा अवध में होरी खेले रघुवीरा, होली आई रे होली आई आदि गानों पर जमकर थिरकते नजर आए। फायर ब्रिगेड की वाटर केनन से पानी की बौछार की गई।