हमें बच्चों और महिलाओं को पोषण के प्रति जागरुक करना है : सक्सेना

-पोषण अभियान के तहत परियोजना बरोही की सभी आंगनबाडी केन्द्रों पर हुआ विभिन्न गतिविधियों का आयोजन

भिण्ड, 09 सितम्बर। जिले में मप्र शासन के निर्देशानुसार एक से 30 सितंबर तक पोषण अभियान का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत पोषण संबंधी गतिविधियों का आयोजन संपूर्ण जिले में किया जा रहा है। पोषण अभियान अंतर्गत परियोजना बरोही के सभी आंगनबाडी केन्द्रों पर पोषण से संबंधित रंगोली, पोषण थाली, पोषण रेस सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन समस्त गतिविधियां कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार जैन के निर्देशन में आयोजित की जा रही हैं।
पोषण अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए बाल संरक्षण अधिकारी अजय सक्सेना ने अवगत कराया कि पोषण अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों और महिलाओं में पोषण के प्रति जागरुकता लाना है और कुपोषण को निम्नतम स्तर पर लाना है। इसके लिए स्तनपान हेतु धात्री माता को प्रोत्साहित करना है, इसके अतिरिक्त हमारा दैनिक खान-पांच कैसा हो, दैनिक खानपान में पोषण की किन-किन चीजों को सम्मिलित किया जा सकता है, की जानकारी दी।

उदाहरण के तौर पर उन्होंने बताया कि आयरन के साथ-साथ शरीर के लिए विभिन्न पोषक तत्व एवं मिनरल्स की आवश्यकता होती है जिन्हें हम अपने आहार में विभिन्न चीजों को सम्मिलित कर अच्छा पोषण प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि चना प्रोटीन का अच्छा स्त्रोत है, गुड में आयरन का अच्छा स्त्रोत है, टमाटर आयरन के अवशोषण के रूप में उपयोग किया जाता है। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हरी सब्जियां, दालें एवं अनाज को शामिल करते हुए पोषण में वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने बताया कि गतिविधियों में पोषण प्रतियोगिता आयोजित कर बालकों से पोषण संबंधित प्रश्नोत्तरी की जाती है और उनको पुरस्कार दिया जाता है। पोषण रेस में बच्चों से दौड लगवाई जाती है और प्रथम द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बालकों को पुरस्कृत किया जाता है। साथ ही पोषण प्रश्न मंच, पोषण रंगोली एवं सलाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें उत्कृष्र्ट प्रदर्शन करने वाले बालकों को पुरस्कृत किया जा रहा है।