समाज और राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति का महत्वपूर्ण योगदान : मंदाकिनी शर्मा
सरस्वती उमावि आलमपुर में मातृ सम्मेलन आयोजित
भिण्ड, 22 दिसम्बर। सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आलमपुर में शुक्रवार को मातृ सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत संयोजिका बालिका शिक्षा मध्य भारत नीता गोस्वामी मुरैना मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत शिक्षिका संगीता गुप्ता ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में शा. महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक मंदाकिनी शर्मा, विद्यालय की वरिष्ठ दीदी उपमा कौरव मंचासीन थीं।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सभी अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प मालाएं चढाई। इसके पश्चात विद्यालय की बहनों द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत का गायन किया गया। विद्यालय की दीदी उपमस कौरव ने अतिथियों का परिचय कराया और अतिथियों को शॉल श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया।
मुख्य वक्ता नीता गोस्वामी ने कहा कि आज हम सभी माताओं को यह देखने की जरूरत है कि हमारे घर का वातावरण कैसा है और बालक क्या सीख रहा। आज हमारे देश में पश्चिमी सभ्यता का हमला हो रहा है। कहीं हमारे बच्चों पर इसका प्रभाव तो नहीं पड रहा है। आज हमें अपने कर्तव्यों और अपने दायित्वों को समझने की आवश्यकता है। वर्तमान में हमारे समक्ष अनेक चुनौतियां हैं। उनसे निपटने के लिए समाज को जगाना पडता है। उन्होंने कहा कि सभी अपने इतिहास को जाने और अपनी संस्कृति को पहचाने। जब जब देश पर संकट आया। हमें जब जिस भूमिका में आना पडा हम आए हैं।
मुख्य अतिथि मंदाकिनी शर्मा ने कहा कि सरस्वती शिशु मन्दिर में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार मिलते हैं। लेकिन माताएं भी अपने बच्चों को संस्कार दें। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के हिसाब से देखे तो मां को अनेक रूप में देखा गया है। मां हमे जन्म ही नहीं देती बल्कि हमें जीना सिखाती है। माता बालक को संस्कर ही नहीं देती बल्कि गढती है। जो आगे चलकर राष्ट्र के लिए कार्य करता है। समाज और राष्ट्र के निर्माण में मातृशक्ति का महत्वपूर्ण योगदान है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के भैया-बहनों ने अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यालय के बच्चों द्वारा सोशल मीडिया का अत्यधिक प्रयोग करने से मानव जीवन पर पढने बाले दुष्प्रभाव को लेकर शानदार नाटक प्रस्तुत किया गया। जिसे देखकर समूचा कार्यक्रम स्थल तालियों की ध्वनि से गूंजने लगा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की बहन जाग्रति झा को वॉलीबाल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने पर अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। मंच संचालन प्रमोद सहारिया, जाग्रति झा एवं नेहा राठौर ने किया। इस अवसर पर विद्यालय समिति अध्यक्ष शिवनारायण कुचिया, सचिव सुरेन्द्र सिंह कौरव, विद्यालय प्राचार्य शिवकुमार तिवारी, वरिष्ठ कवि सीताराम गुप्ता दिनेश सहित बडी संख्या में माताएं-बहनें, विद्यालय के आचार्य बंधु, दीदीयां तथा विद्यालय के बच्चें उपस्थित थे।