मतदान केन्द्रों पर व्हील चेयर और रेंप की व्यवस्था कराई जाए : कलेक्टर

दिव्यांगजनों को मतदान केन्द्रों पर सुगम व्यवस्था कराने के दिए निर्देश

भिण्ड, 07 अक्टूबर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव श्रीवास्तव ने जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों, समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, समस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आगामी विधान सभा निर्वाचन के संबंध में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्राप्त निर्देशानुसार दिव्यांग व्यक्तियों को सुगम मतदान अंतर्गत मतदान केन्द्र पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाएं।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि विकास खण्ड स्तर पर ऐसे मतदान केन्द्रों जिन पर रैंप बनाने की आवश्यकता है, वहां दिव्यांगजनों के लिए व्हील चेयर, रैंप बनाए जाएं। दिव्यांग जनों को सुगमता से मतदान करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं करने की आवश्यकता है। मतदान केन्द्रों में स्वयं सेवा संस्थाओं तथा अन्य इच्छुक व्यक्तियों के सहयोग से मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर, वॉकर की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। विगत निर्वाचन में व्हीलचेयर, वॉकर की व्यवस्था की गई थी। इन उपकरणों का पुन: आंकलन कर सुधार कार्य अथवा नवीन उपकरणों का क्रय किया जाए। इसके लिए मतदान केन्द्रवार ग्राम पंचायत/ वार्डवार कार्य योजना तैयार की जाए। निर्वाचन आयोग के सामान्य निर्देशों के अध्याधीन दृष्टि बाधित दिव्यांग जनों को मतदान केन्द्र तक ले जाने की व्यवस्था स्वयंसेवी व्यक्तियों के माध्यम से की जाती है। ऐसे मतदान केन्द्र जहां रैम्प नहीं है, वहां अस्थाई/ स्थाई रैम्प की व्यवस्था की जाए। निर्वाचन आयोग के निर्देश हैं कि समस्त मतदान केन्द्रों पर यथा संभव स्थाई रैम्प बनवाए जाएं।