शहर कांग्रेस ने वार्ड 38 में भरवाए नारी सम्मान योजना के फार्म

भिण्ड, 20 जून। मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देशानुसार शहर कांग्रेस भिण्ड के अध्यक्ष डॉ. राधेश्याम शर्मा के नेतृत्व में वार्ड क्र.38 में कांग्रेस की नारी सम्मान योजना के फार्म भरे गए।
इस अवसर पर डॉ. राधेश्याम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही महिलाओं का सम्मान किया है, आने वाले विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस सरकार बनने पर महिलाओं के खाते में हर महीने 1500 रुपए डाले जाएंगे, जो पूरे साल में 18 हजार रुपए होते हैं और महिलाओं को 500 रुपए में गैस सिलेण्डर दिया जाएगा। पिछली बार 15 महीनों की कांग्रेस सरकार में कमलनाथ ने कन्या दान योजना के 25 हजार से बढ़ाकर 51 हजार रुपए कर दिए थे और आंगनबाड़ी में कार्यरत महिला कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि की थी। कांग्रेस सरकार बनने पर 100 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी और 200 यूनिट बिजली का आधा बिल दिया जाएगा। कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी और किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे।
कांग्रेस नेता संतोष त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भिण्ड शहर के हर वार्ड में नारी सम्मान योजना के फार्म भर रही है, महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में फार्म भरने चाहिए ताकि 2023 में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार बनने पर उन्हें योजना का लाभ मिल सके। भारतीय जनता पार्टी की शिवराज सिंह की सरकार झूठ बोलने का काम करती है, उनकी योजना में 18 से 60 साल तक की महिलाओं को ही एक हजार रुपए दिए जा रहे हैं। उसमें भी तमाम अड़चनें लगाकर रुकावट पैदा की जा रही है। भाजपा सरकार की कथनी और करनी में बहुत अंतर है। कांग्रेस की नारी सम्मान योजना में उम्र का कोई बंधन नहीं है। नारी सम्मान योजना के फार्म में आधार नंबर और समग्र आईडी नंबर डाले जा रहे हैं। कांग्रेस सरकार बनने पर हमारे नेता कमलनाथ जो वचन दे रहे हैं उसको शत-प्रतिशत पूरा करेंगे। इस अवसर पर विवेक उपाध्याय उर्फ लल्लेश, प्रमोद दीक्षित पीसी, संजय सिंह यादव आदि कांग्रेसी उपस्थित रहे।