सरकार की नैया डूबने की स्थिति में आती है, शिवराज सिंह को जनता की आई याद : डॉ. गोविन्द सिंह

नेता प्रतिपक्ष ने जगदीशपुरा में मनाया होली मिलन समारोह

भिण्ड, 07 मार्च। मप्र नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने सोमवार को लहार विधानसभा के ग्राम जगदीशपुरा में ग्रामीणों के साथ होली मिलन समारोह मनाया। इस अवसर जगदीशपुरा निवासी रमाशंकर सिंह कौरव (रमा चौधरी) ने ग्रामीणों के साथ गुलाल से तिलक कर माल्यापर्ण कर साफा बांधकर डॉ. सिंह का स्वागत किया।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह ने जनता को संबोधित करते हुए होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा सरकार के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जनता को बेवकूफ बनाने का काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री का काम तो यह है कि जब भी मप्र भाजपा की नैया डूबती हुई दिखाई पड़ती है, तब ही मुख्यमंत्री को जनता की याद आने लगती है और वो जनता को लुभाने के लिए नए नए पांसे फैंकने लगते हैं। कभी लाड़ली लक्ष्मी योजना, तो कभी लाड़ली बहन योजना चलाने लगते हैं। मप्र का किसान डीजल-पेट्रोल की बढ़ती महंगाई से परेशान हो रहा है, उसके लिए क्यो कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।

उन्होंने भाजपा की खामियां गिनाते हुए कहा कि मोदी सरकार द्वारा फ्री सिलेण्डर बांटे गए, बाद में उन सिलेण्डरों दाम बढ़ा दिए गए, जिसके कारण गरीब व्यक्ति उन्हें भरवाने में असमर्थ है। भाजपा द्वारा हर चीज पर अनाप-सनाप टैक्स लगाया जा रहा है, जिससे दिन व दिन महंगाई बढ़ती जा रही है और जनता सोच रही है कि महंगाई भगवान बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है, महंगाई भगवान नहीं बढ़ा रहा, महंगाई भाजपा सरकार द्वारा लगाए गए टैक्स बढ़ा रहे है। जैसे कि रोटी, कपड़ा, दूध, दही, पंखा, बिजली, चावल एवं गेहूं आदि चीजों पर टैक्स लगा दिया है। वहीं प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह के निशाना साधते हुए कहा कि यह चुनाव आते ही झूठी घोषणाएं एवं खोखले वादे करने लगते है, जब 2018 में कमलनाथ ने वादा किया था कि प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा, तो सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ होना चालू हो गए था। तब स्वयं शिवराज सिंह के गांव में भी कर्ज माफ हुए थे परंतु जब तक कांग्रेस सरकार सभी किसान भाइयों का कर्ज माफ कर पाती तब तक इन्हीं शिवराज सिंह ने खरीद फरोख्त कर कांग्रेस की सरकार गिरा दी, यह सरकार किसानों की सबसे बड़ी दुश्मन है। इसलिए आप सभी से निवेदन है कि अभी भी समय है, संभल जाओ, जागो, सोचो और भाजपा की चिकनी चुपड़ी बातों से बचो, यह लोग यदि एक ओर से आपकी जैब भर रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर से उससे दोगुना आपकी जैब से निकाल भी रहे हैं।