होली में दहन की बुराइयां, आज उड़ेगा रंग-गुलाल

जिलेभर के गांव एवं शहर में कई स्थानों पर किया गया होलिका दहन

भिण्ड, 06 मार्च। हिन्दू धर्म में होली का विशेष महत्व है। रंगों की होली पड़वा को मनाई जाती है और होलिका दहन एक दिन पहले पूर्णिमा को किया जाता है। लेकिन इस साल होलिका दहन दो दिन हो रही है। क्योंकि इस साल पूर्णिमा तिथि दो दिन पड़ रही है। प्रदोष काल, पूर्णिमा और भद्रा का ध्यान रखकर ही होलिका दहन किया जाता है। जिले में अधिकतर स्थानों पर सोमवार की रात को होलिका दहन किया गया।

भिण्ड शहर में सबसे बड़ी होलिका राज होली (राज कॉलोनी) में रखी जाती है। इसके अलावा शहर भर के विभिन्न मोहल्लों में भी निर्धारित स्थानों पर होली रखी गई है। जहां लोगों ने अपने-अपने घरों से पूजन सामग्री एवं पकवान ले जाकर होलिका पूजन कर वहां से आग लाकर अपने-अपने घरों में होलिका दहन किया। इस बार होलिका दहन पर असमंजस की स्थिति रही। पंचांग के अनुसार इस साल पूर्णिमा तिथि दो दिन होने के कारण होलिका दहन की तिथि को लेकर काफी समस्या उत्पन्न हो रही है। कई जगहों पर छह मार्च को होलिका दहन किया गया, तो कई जगहों पर सात मार्च को होलिका दहन किया जाएगा।

कल भी होगा होलिका दहन

होलिका दहन छह और सात मार्च के बीच रात 12.40 बजे से दो बजे तक करना शुभ बताए जाने की वजह से कई स्थानों पर छह मार्च सोमवार की रात को ही होलिका दहन किया गया। उधर सात मार्च को पूर्णिमा तिथि शाम 6.10 बजे तक ही है, लेकिन फिर भी कई जगहों पर सात मार्च को भी होलिका दहन किया जाएगा।

होलिका दहन का महत्व

हिंदू धर्म के अनुसार होलिका दहन का पौराणिक और धार्मिक महत्व दोनों ही है। क्योंकि होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की जीत को दर्शाती है। इसके साथ ही इस दिन होलिका दहन की विधिवत पूजा करते हैं और अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। इतना ही नहीं इसके साथ ही बसंत ऋतु का स्वागत करते हुए अग्नि देवता को धन्यवाद देते हैं।

आज उड़ेगा गुलाल

मंगलवार को धुलण्डी के दिन जमकर गुलाल उड़ाया जाएगा। लोग एक-दूसरे पर गुलाल उड़ाएंगे और चेहरों को लाल-पीला करके गले मिलेंगे। धुलण्डी के दिन बाजार की दुकानें बंद ही रहती हैं, इसलिए लोगों ने एक दिन पहले ही गुलाल, रंग, पिचकारियों की व्यवस्था कर ली।

होली पर पुलिस अलर्ट

होली के त्यौहार को देखते हुए पुलिस भी अलर्ट है, यहां जिले भर के पुलिस थानों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं। जिनमें पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों से उल्लास के साथ शांतिपूर्वक होली के त्यौहार को मनाने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि होली पर हुड़दंग करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने आमजन से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की है।