सहकारिता मंत्री डॉ. भदौरिया ने किया मुख्य समारोह में ध्वजारोहण

जिला स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन
जिले में हर्षोल्लास के साथ मना गणतंत्र दिवस

भिण्ड, 26 जनवरी। प्रदेश के सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने गणतंत्र दिवस-26 जनवरी के जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड भिण्ड पर गुरुवार को ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। उन्होंने कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस एवं पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान के साथ परेड की टुकडिय़ों का निरीक्षण किया। इसके बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया।

सहकारिता मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में शांति के प्रतीक रंग बिरंगे गुब्बारे हवा में छोड़े। परेड की टुकडिय़ों ने हर्ष फायर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि को परेड की टुकडिय़ों में 17वीं वाहिनी एसएएफ, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, होमगार्ड एवं सेंटमाईकल स्कूल के बैण्ड दल की टुकडिय़ों ने सलामी दी। परेड का नेतृत्व में परेड कमाण्डर रक्षित निरीक्षक श्रीमती रजनी सिंह गुर्जर एवं द्वितीय कमान टूआईसी सूबेदार आदित्य मिश्रा ने सम्हाली। मुख्य अतिथि डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया का कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने परेड की टुकडिय़ों के कमाण्डरों से परिचय कराया। मंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही जिले के लोकतंत्र सेनानियों का प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके निवास पहुंचकर सम्मानित किया।

मुख्य समारोह में जिला पंचायत, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान, आदिम जाति कल्याण विभाग, मत्स्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, किसान कल्याण, उद्यानिकी विभाग, नगर पालिका भिण्ड, महिला एवं बाल विकास, जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, पशुपालन एवं डेयरी, अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, व्यापार एवं उद्योग केन्द्र एवं यातायात पुलिस द्वारा मनोहारी एवं आकर्षक झांकियां निकाली गई।


मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह अंतर्गत परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर प्रथम जिला पुलिस बल पुरुष, द्वितीय जिला पुलिस बल महिला एवं तृतीय 17वीं वाहिनी एसएएफ को पुरुष्कार के रूप में शील्ड प्रदान की। उन्होंने झांकियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर यातायात पुलिस भिण्ड को प्रथम, कृषि विभाग को द्वितीय एवं शिक्षा एवं सर्व शिक्षा को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरुष्कार प्रदान किए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.एक को प्रथम, स्वामी विवेकानंद सुरपुरा को द्वितीय एवं विद्यावती विद्यालय को तृतीय पुष्कार प्रदान किए। इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी/ कर्मचारी, पुलिस एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालो को पुरुष्कृत किया गया।

गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में क्षेत्रीय सांसद श्रीमती संध्या राय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कामना भदौरिया, क्षेत्रीय विधायक संजीव सिंह कुशवाह संजू, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरोज बघेल, पूर्व विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, जिला पंचायत सीईओ जेके जैन, अपर कलेक्टर जेपी सैयाम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे, सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी, नगरीय निकाय एवं पंचायतों के पदाधिकारी, अधिकारी/ कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और भारी संख्या में शहरी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

विकास पुस्तिका का किया गया वितरण

मुख्य समारोह में जनसंपर्क संचालनालय भोपाल द्वारा जन कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाशित पुस्तिका एवं जिला प्रशासन द्वारा भिण्ड जिले के ‘विकास, जनकल्याण और सुराज के पथ पर आगे बढ़ते हम’ पर आधारित प्रकाशित कराई विकास पुस्तिका का उपस्थित जनप्रतिनिधियों/ अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों को वितरण किया गया।