भिण्ड, 18 दिसम्बर। शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में गायत्री विहार कॉलोनी प्रज्ञा पीठ कुम्हरौआ पर 24 कुण्डीय नवचेतना जागरण गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें द्वितीय दिवस शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे मनीषियों ने सर्वप्रथम कलश देव का पूजन एवं दीप पूजन वैदिक मंत्रों के साथ किया। तत्पश्चात मनीषियों द्वारा युग दृष्टा परम पूज्य गुरुदेव एवं परम वंदनीय माताजी का आह्वान पूजन हुआ। इसी के साथ मां गायत्री का आवाहन पूजन वैदिक मंत्रों से किया गया। शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे मनीषियों का स्वागत अभिनंदन प्रज्ञा परिजनों द्वारा किया गया। इसके पश्चात 33 कोटि देवी-देवताओं का आह्वान पूजन सर्वतो भद्र पर किया गया।
यज्ञ का उद्देश्य जनकल्याण, धरती पर सत युग अवतरण हो यह हमारा ध्येय। मनीषियों द्वारा स्वस्ति वाचन मंत्रों का गायन किया गया, रक्षा विधान के मंत्रों द्वारा दसों दिशाओं के पतियों का आह्वान किया गया। मां गायत्री की प्राण शक्ति सविता देवता की प्रार्थना की गई और इसी के साथ यज्ञ शुरू हुआ। जिसमें भक्तिजीवी भाई-बहनों ने आहुतियां समर्पित कीं और पूर्ण आहुति में सभी यज्ञ कर्ताओं ने अपनी एक बुराई को छोड़ा और एक अच्छाई को ग्रहण किया। साथ ही साथ संकल्प लिया कि हम न ही दहेज लेंगे और न ही दहेज देंगे और अपने आस-पास सामाजिक कुरीतियों को बंद कराने में राष्ट्र चेतना के संकल्प पूर्ण करेंगे। महिला मण्डल, दीया ग्रुप, सर्वे भवंतु सुखिन: युवा मण्डल, परिवार परिजनों सहित आदि का विशेष सहयोग रहा।
इसी क्रम में 19 दिसंबर को तृतीय दिन यज्ञ के साथ-साथ सभी संस्कार नि:शुल्क संपन्न कराए जाएंगे। जिसमें पुंसवन संस्कार, अन्नप्राशन संस्कार, नामकरण, विद्या आरंभ, यज्ञोपवीत आदि संस्कार संपन्न होंगे। विशेष रूप से शांतिकुंज से पधारे हुए मनीषियों द्वारा दीक्षा संस्कार व पवन संस्कार संपन्न होंगे। जो भी भक्तजन भाई-बहन अपने बच्चों का संस्कार कराना चाहते हैं, वह सुबह आठ बजे से पूर्व संस्कार प्रकोष्ठ में अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर नोट करा सकते हैं। भिण्ड नगर व अन्य क्षेत्रों के सभी भाई-बहन इस महायज्ञ में सम्मिलित होकर अपनी आहुति राष्ट्र चेतना राष्ट्रहित को समर्पित करें।