सच्चा जनप्रतिनिधि वही जो जनता की पीड़ा समझ सके : संजीव सिंह

पांच करोड़ 73 लाख की राशि से बनेगा ऊमरी में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र

भिण्ड, 13 नवम्बर। ऊमरी ग्राम पंचायत मप्र की पहली ग्राम पंचायत होगी जो नेशनल हाईवे पर स्थित है। ऊमरी पंचायत नेशनल हाईवे पर होने के बावजूद भी यहां मूलभूत सुविधाओं की कमी है ये कहीं न कहीं हमारी कमी है। सच्चा जनप्रतिनिधि वही है जो स्वत: ही जनता की पीड़ा समझ सके और उसे दूर करे। आज से चार वर्ष पूर्व जहां खैरा-श्यामपुरा और टेहनगुर जैसे गांव तक पहुंचने का रास्ता तक नहीं था। बाइक व साइकिल से गुजरते थे तो मिट्टी में फंस जाते थे। आज उन रास्तों पर आधी रात को भी चले जाओ तो आपको आवागमन में परेशानी नहीं होगी। यह बात सदर विधायक संजीव सिंह कुशवाह संजू ने अनुसूचित जाति उपयोजना अंतर्गत राशि पांच करोड़ 73 लाख 81 हजार की लागत से निर्मित होने वाले 30 विस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ऊमरी का भूमिपूजन करते हुए कही।
बता दें कि इस सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के बनने से ऊमरी सहित ढोंचरा, चकरा, कण्डेलपुरा, लहरौली, गेहवद, देवगढ़, कनावर, अकोड़ा, बराकलां, ककाहरा, अतरसूमा, टेहनगुर, पाण्डरी, गुसींग, पुलावली, अकहा, नयागांव आदि के निवासियों के लिए स्वास्थ्य सुविधा मिलना आसान हो जाएगा। इससे पहले सभी मरीजों को भिण्ड जिला अस्पताल की दौड़ लगानी पड़ती थी। इस सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से अंचल के 70 गांव की एक लाख 80 हजार जनसंख्या लाभ लेगी। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोत्तरी होगी। चिकित्सक, स्टाफ, एंबुलेंस, मशीनीकरण में इजाफा होगा। विधायक ने आगे कहा कि ऊमरी-पाण्डरी रोड़ हो या रूर की पुलिया से टेहनगुर रोड हो इनका पौने चार से सात मीटर तक चौड़ीकरण कराया क्योंकि ये सड़कें मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा को जोड़ती है। जब चंबल पुल बंद हो जाता है तो इसी मार्ग से लोग आवागमन करते हैं। गुसींग, अतरसूमा, नयागांव तक जाने के लिए वापस ऊमरी आकर घूमकर जाना पड़ता था। बीच में डेढ़ किमी का टुकड़ा बनवाकर लम्बे रास्ते से घुमकर जाने का झंझट ही समाप्त कर दिया। लहरौली से ढोंचरा तक, मुंचाई का पुरा, धानुक पुरा रोड, मुहाण्ड मधूपुरा रोड का निर्माण कार्य वर्तमान में चल रहा है। शहर के साथ ग्रामीण अंचल में लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष मयूर सिंह, सरपंच वीरेन्द्र सिंह यादव पुन्नू, जिला पंचायत सदस्य नीतू आड़तिया, कल्लू मेंबर, उदयवीर सिंह नेताजी, पूर्व जनपद सदस्य शेरसिंह यादव, पप्पू सेकेट्री, जनपद सदस्य संतोष यादव, जीतू सरपंच गुसींग, भारत सिंह पहलवान, सुदीप यादव अकोड़ा, सुंदर यादव, गब्बर सिंह, भगवान सिंह किटी, मुखिया यादव रूर, सनक सिंह लहरौली सहित सैकड़ों ग्रामवासी मौजूद थे।