महिला के पेट में गोली लगी, हालत गंभीर

भिण्ड, 06 अक्टूबर। उधारी के पैसे मांगने पर ननद ने अपनी भाभी के साथ मारपीट कर दी। वहीं भाभी को पेट में पीछे से बाएं ओर गोली भी लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए ग्वालियर रैफर किया गया है। घटना बुधवार की शाम सवा सात बजे करीब की बताई जा रही है।
जानकारी के अुनुसार ग्राम सेंथरी हाल गोरमी निवासी प्रेमलता पत्नी प्रदीप भदौरिया उम्र 40 साल गुरूवार की शाम करीब सवा सात बजे गोहद चौराहा थाना अंतर्गत स्टेशन और तेहरा गांव के बीच घायल अवस्था में पड़ी हुई मिली। उन्हें पेट में पीछे से बाएं ओर गोली लगी थी। घायल महिला के पति प्रदीप के अनुसार उन्होंने पिछले साल अपना एक खेत बेचा था। इससे मिले पैसों में से दो लाख 80 हजार रुपए प्रेमलता ने अपनी ननद संगीता पत्नी सोनपाल सिंह राजावत निवासी शेरपुर हाल गोहद चौराहा को दिए थे। वह काफी दिन से संगीता से पैसे मांग रही थी। 14 हजार रुपए वापस भी मिल गए थे। शेष पैसों के लिए बुधवार की शाम वह स्कूटी से संगीता से पैसे लेने आई थी। संगीता उसे पैसे देने के लिए कहीं लेकर जा रही थी। उसके साथ उसका देवर और एक अन्य व्यक्ति था। जहां रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई। बाद में उसे गोली मारी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए भेजकर प्रकरण में जांच आरंभ कर दी है।