देश में छद्दम राष्ट्रवाद की आड़ में नफरत फैलाई जा रही है : त्रिपाठी

अटेर में भ्रष्टाचार और लूट का बोलबाला : कटारे

भिण्ड, 29 सितम्बर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के द्वारा कन्या कुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की है। इसी क्रम में भी सांकेतिक तौर पर अटेर में पूर्व विधायक हेमंत कटारे के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा कार्यक्रम की शुरुआत हुई। जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधांशू त्रिपाठी मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। प्रतापपुरा से अटेर तक पद यात्रा निकाली गई और उसके बाद आमसभा में तब्दील हो गई। जिसमें स्थानीय स्तर पर जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाह, देवाशीष जरारिया, प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री जयश्रीराम बघेल, डॉ. राधेश्याम शर्मा सहित तीन सैकड़ा कांग्रेसी इसमें शामिल हुए।
अखिल भारतीय कांग्रेस सचिव मप्र के सहप्रभारी सुधांशू त्रिपाठी ने कहा भारत को एक सूत्र में जोडऩे के लिए वह यात्रा पर निकले हैं। ये सितंबर से तमिलनाडु के कन्या कुमारी से भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है, देश में शांति और सद्भाव के माहौल को बनाए रखने तथा नफरत की राजनीति को समाप्त करने के उद्देश्य से पूरे देश में भारत जोड़ो यात्रा शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार जब से देश में आई है, तब देश में हिन्दू, मुस्लिम और जातिवाद की राजनीति ने जन्म ले लिया है और देश को नफरत की आग में झोंकने का काम किया जा रहा है। छद्दम राष्ट्रवाद की आड़ में भाजपा देश से महंगाई, बेरोजगारी, विकास और आर्थिक मुद्दों से ध्यान हटाने का कार्य कर रही है।
पूर्व विधायक हेमंत कटारे ने कहा कि देश अभी नाजुक दौर से गुजर रहा है, आपसी प्रेम और सौहार्द समाप्त हो रहा है, ऐसे में कांग्रेस ने पहले देश को आजादी दिलाई, फिर देश बनाया और अब इसे बचाएंगी। उन्होंने क्षेत्रीय मंत्री अरविंद भदौरिया पर निशाना साधते हुए कहा कि अटेर में मंत्री के इशारे पर उनके भाई जो दद्दा के नाम से प्रसिद्ध हैं, वो अधिकारियों पर दबाब बनाकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। पीडीएस घोटाला उसका प्रमाण है। लोगों पर अपनी बात मनमाने के लिए झूंठे प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। ऐसा कोई भी विभाग नहीं जहां उनका हिस्सा न जाता हो। उन्होंने ने कहा कटारे परिवार में बहुत बड़ी राजनीति रही लेकिन कमीशन खोरी और बेमानी हमारे खून में नहीं है। हम अटेर की जनता की सेवा के लिए नेता बने हैं और वो जनता के खून चूसने के लिए। कटारे अपने 15 माह के विधायक रहते हुए कार्यों का भी वर्णन किया।
कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्यासी देवाशीष जरारिया ने कहा कि राहुल गांधी देश को बचाने के लिए भारत जोड़ो यात्रा पर कन्या कुमारी से निकले हैं। इसका मुख्य उद्देश्य ये है कि देश में कुछ लोग और पार्टियां उद्योगपतियों और मीडिया से मिलकर देश को तोडऩे में लगी हैं, जबकि कांग्रेस देश को जोड़कर रखना चाहती है, हम उनके नफरत फैलाने वालों के मंसूबे कभी सफल नहीं होने देंगे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाह ने कहा कि भाजपा इस देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को तोडऩे में लगी है, गंगा जमुनी तहजीब को तोडऩे का प्रयास हो रहा है। हम जिले में बड़ी पद यात्रा निकालेंगे, जिससे ये संदेश जाए कि राहुल गांधी के साथ पूरा देश खड़ा है और 2023-24 में भाजपा को जिले से लेकर प्रदेश और देश से उखाड़ फेंकना है। कार्यक्रम को जयश्रीराम बघेल, डॉ. राधेश्याम शर्मा, अटेर ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद बघेल, भगवानदास सैंथिया, संजू जाटव, सोमराज नरवरिया, संजय भूता, चतुर सिंह नरवरिया, अनिल भारद्वज, धारासिंह गुर्जर, राजेन्द्र नरवरिया, राजू लोधी, विनोद पंडित, संतोष त्रिपाठी, दीपू दुबे, सोनवीर यादव, राजासिंह, रामशेस बघेल आदि ने संबोधित किया।